'मां गंगा देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें', केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीर्थ गंगासागर में की पूजा-अर्चना

मां गंगा देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीर्थ गंगासागर में की पूजा-अर्चना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना स्थित गंगासागर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी।

कोलकाता, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना स्थित गंगासागर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया कि मां गंगा जिस पुण्यभूमि पर सागर से मिलती हैं, उस पावन तीर्थ गंगासागर में पूजन-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त हुआ। गंगासागर स्थित कपिल मुनि आश्रम में महर्षि कपिल का पूजन कर देशवासियों के कल्याण की कामना की। ज्ञान, त्याग और तप के प्रतीक ऋषिवर कपिल का जीवन-दर्शन हर देशवासी के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हमारे अमर जवानों को आज गंगासागर में श्रद्धापूर्वक पूजन-तर्पण अर्पित किया। अकल्पनीय चुनौतियों और हर बाधा के बीच राष्ट्र रक्षा को सर्वोच्च लक्ष्य मानकर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सुरक्षा बलों के शौर्य पर हर भारतीय को अभिमान है।

उन्होंने कहा कि सब तीर्थ बार-बार, गंगासागर एक बार। गंगा और सागर की संगमस्थली गंगासागर में पूजन-अर्चन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जीवनदायिनी मां गंगा के इस पवित्र तीर्थ पर मन असीम शांति और आध्यात्मिक आनंद से भर गया। मां गंगा देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें।

इससे पहले अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "दीदी के गुंडों की चिंता न करें। चुनाव आयोग ने हर जगह सीएपीएफ तैनात कर दी है। आज मैं यह बात स्पष्ट रूप से कह रहा हूं कि चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनेगी। फिर भी, सीएपीएफ अगले 60 दिनों तक यहीं रहेगी।"

उन्होंने मतदाताओं को आश्वासन दिया कि चुनाव आयोग द्वारा तैनात केंद्रीय बल 4 मई को परिणाम घोषित होने के बाद भी उनकी सुरक्षा करेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा मतदाताओं से चुनाव में भाग लेने का आह्वान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार अभियान के समापन के साथ हुआ।

इससे पहले 29 अप्रैल को 142 विधानसभा सीटों पर मतदान से पहले चुनाव आयोग ने सोमवार को महत्वपूर्ण या अति संवेदनशील मतदान केंद्रों तक जाने वाली सड़कों को सीसीटीवी की निगरानी में लाकर निगरानी तंत्र को और मजबूत करने का निर्णय लिया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 April 2026 7:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story