यूरोपीय नेताओं ने अमेरिका-ईरान युद्धविराम समझौते का स्वागत क‍िया, शांति के प्रयासों में ईयू के समर्थन का भरोसा द‍िलाया

यूरोपीय नेताओं ने अमेरिका-ईरान युद्धविराम समझौते का स्वागत क‍िया, शांति के प्रयासों में ईयू के समर्थन का भरोसा द‍िलाया
यूरोपीय नेताओं ने बुधवार को अमेरिका और ईरान के बीच हुए दो हफ्ते के युद्धविराम समझौते का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) मध्य पूर्व में शांति लाने की कोशिशों में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है।

ब्रुसेल्स, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। यूरोपीय नेताओं ने बुधवार को अमेरिका और ईरान के बीच हुए दो हफ्ते के युद्धविराम समझौते का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) मध्य पूर्व में शांति लाने की कोशिशों में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है।

यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने सभी पक्षों से युद्धविराम की शर्तों का पालन करने की अपील की, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति लाई जा सके। उन्होंने कहा कि ईयू मध्य पूर्व में शांति बहाल करने के प्रयासों का समर्थन करता है।

उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में लि‍खा, “मैं अमेरिका और ईरान की ओर से घोषित दो हफ्ते के युद्धविराम का स्वागत करता हूं। मैं सभी पक्षों से अपील करता हूं कि वे इसकी शर्तों का पालन करें, ताकि क्षेत्र में टिकाऊ शांति हासिल हो सके। ईयू इन कोशिशों में सहयोग के लिए तैयार है और क्षेत्र के अपने साझेदारों के संपर्क में है। मैं पाकिस्तान और इस समझौते में शामिल सभी पक्षों का धन्यवाद करता हूं।”

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यह समझौता तनाव कम करने के लिए बहुत जरूरी कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस संघर्ष का स्थायी हल निकालने के लिए बातचीत जारी रहनी चाहिए।

उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में लि‍खा, “मैं अमेरिका और ईरान के बीच हुए दो हफ्ते के युद्धविराम का स्वागत करती हूं। इससे काफी जरूरी राहत मिली है। अब जरूरी है कि स्थायी समाधान के लिए बातचीत जारी रहे। हम इस दिशा में अपने साझेदारों के साथ काम करते रहेंगे।”

ईयू की विदेश और सुरक्षा नीति की प्रमुख काजा कल्लास ने इस समझौते को तनाव के कई हफ्तों के बाद एक बड़ा राहत भरा कदम बताया। उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से जहाजों के लिए खोलने की भी बात कही।

उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में लि‍खा, “अमेरिका-ईरान युद्धविराम समझौता कई हफ्तों के तनाव के बाद एक बड़ा राहत का कदम है। इससे खतरे कम करने, मिसाइल हमले रोकने, शिपिंग फिर शुरू करने और स्थायी समझौते के लिए कूटनीति का रास्ता खुलता है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से जहाजों के लिए खोलना जरूरी है।”

ईयू नेताओं का यह बयान तब आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बड़े सैन्य टकराव से पीछे हटते हुए दो हफ्ते के लिए हमलों को रोकने का ऐलान किया। इस फैसले से दुनिया भर के लोगों को बड़ी राहत मिली।

यह फैसला मंगलवार को तय की गई रात 8 बजे (ईएसटी) की डेडलाइन से करीब 90 मिनट पहले लिया गया, जो ट्रंप ने ईरान को समझौते के लिए दी थी। यह कदम पर्दे के पीछे हुई बातचीत के बाद उठाया गया।

ट्रंप ने मंगलवार को सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अगर ईरान इस अहम समुद्री रास्ते को खोलने पर सहमत होता है, तो वह दो हफ्तों के लिए हमलों को रोक देंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 April 2026 11:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story