ऑस्कर 2027 के लिए भारत की एंट्री प्रक्रिया शुरू, फेडरेशन ऑफ इंडिया ने निर्माताओं से मांगी फिल्में

ऑस्कर 2027 के लिए भारत की एंट्री प्रक्रिया शुरू, फेडरेशन ऑफ इंडिया ने निर्माताओं से मांगी फिल्में
भारत की ओर से 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी 'ऑस्कर 2027' के लिए आधिकारिक फिल्म चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) ने देश के निर्माताओं से अपनी फिल्मों को चयन प्रक्रिया में शामिल करने के लिए आवेदन मांगे हैं। फेडरेशन की कार्यकारी समिति ने मंगलवार को हुई प्रबंध समिति की बैठक में फिल्मों की एंट्री के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया।

मुंबई, 11 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की ओर से 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी 'ऑस्कर 2027' के लिए आधिकारिक फिल्म चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) ने देश के निर्माताओं से अपनी फिल्मों को चयन प्रक्रिया में शामिल करने के लिए आवेदन मांगे हैं। फेडरेशन की कार्यकारी समिति ने मंगलवार को हुई प्रबंध समिति की बैठक में फिल्मों की एंट्री के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया।

फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया देश के प्रमुख फिल्म संगठनों की शीर्ष संस्था है और भारत की ओर से ऑस्कर के लिए फिल्म चुनने की प्रक्रिया में इसकी अहम भूमिका रहती है।

एफएफआई के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने कहा, ''फेडरेशन निर्माताओं को पूरी प्रक्रिया में हरसंभव मदद देगा। हमारी कोशिश रहेगी कि नामांकन प्रक्रिया आसान, लोकतांत्रिक और पारदर्शी हो। हम ज्यादा से ज्यादा फिल्मों का स्वागत करते हैं, ताकि इस साल भारत की ऑस्कर एंट्री के लिए मजबूत दावेदारी सामने आ सके।''

फिल्मों के आवेदन जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और निर्माता अपनी एंट्री 7 सितंबर 2026 को शाम 6 बजे तक जमा कर सकते हैं। आवेदन मिलने के बाद फिल्मों की स्क्रीनिंग और चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। एफएफआई की ओर से एक ज्यूरी चेयरमैन नियुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ और योग्य लोगों को ज्यूरी में शामिल किया जाएगा। सभी फिल्मों की स्क्रीनिंग पूरी होने के बाद ज्यूरी मतदान के जरिए भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री का फैसला करेगी।

भारत की ओर से ऑस्कर के लिए चुनी जाने वाली फिल्म की घोषणा 19 सितंबर को होगी। इस पर फिल्म इंडस्ट्री की नजर रहेगी, क्योंकि हर साल अलग-अलग भाषाओं और क्षेत्रों से कई फिल्में इस चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेती हैं। चुनी गई फिल्म अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी और ऑस्कर की आगे की दौड़ में शामिल होगी।

एफएफआई ने फिल्मों की पात्रता को लेकर भी कुछ जरूरी शर्तें तय की हैं। आवेदन के लिए वही फिल्में योग्य होंगी, जो 15 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 के बीच रिलीज हुई हों। इसके अलावा, फिल्म का पहली बार किसी व्यावसायिक सिनेमाघर में कम से कम लगातार सात दिनों तक सार्वजनिक प्रदर्शन होना जरूरी है।

99वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन 14 मार्च 2027 को हॉलीवुड के लॉस एंजिल्स स्थित डॉल्बी थिएटर में होगा। इस समारोह की मेजबानी कमीडियन और टेलीविजन होस्ट कॉनन ओ'ब्रायन करेंगे। वह लगातार तीसरी बार ऑस्कर की मेजबानी करेंगे। इससे पहले वह 97वें और 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स की मेजबानी कर चुके हैं, और उनके अंदाज को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Aug 2026 7:07 PM IST

Tags

Next Story