पेरिस में फ्रांस के विदेश मंत्री से मिले विदेश सचिव मिस्री, द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

पेरिस में फ्रांस के विदेश मंत्री से मिले विदेश सचिव मिस्री, द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पेरिस में फ्रांस के यूरोप और विदेश मामलों के मंत्री जीन-नोएल बैरोट से मुलाकात की। द्विपक्षीय बैठक में पारस्परिक सहयोग और मध्य पूर्व के हालात सहित मौजूदा वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा की गई।

पेरिस, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पेरिस में फ्रांस के यूरोप और विदेश मामलों के मंत्री जीन-नोएल बैरोट से मुलाकात की। द्विपक्षीय बैठक में पारस्परिक सहयोग और मध्य पूर्व के हालात सहित मौजूदा वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा की गई।

फ्रांस स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने फ्रांस के यूरोप और विदेश मामलों के मंत्री एच.ई. जीन-नोएल बैरोट से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों, मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति और वैश्विक चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की।”

अमेरिका-ईरान की इस्लामाबाद टॉक्स बेनतीजा रहने के बाद मध्य पूर्व में फिर से बढ़ते तनाव के बीच ये मुलाकात और बैठक हुई है।

इससे पहले विक्रम मिस्री ने पेरिस में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र (एसवीसीसी) का दौरा किया और "लार द लांन्द: ओझूरदुई” प्रदर्शनी देखी। दूतावास के अनुसार, प्रदर्शनी में 40 भारतीय कलाकारों की 80 कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं, जो भारत की जीवंत और समकालीन कलात्मक परंपराओं को दर्शाती हैं।

मिस्री रविवार को भारत-फ्रांस फॉरेन ऑफिस कंसल्टेशन (एफओसी) के लिए पेरिस पहुंचे। विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, वे फ्रांस के विदेश मंत्रालय के महासचिव मार्टिन ब्रिएन्स के साथ इस परामर्श मंडल की सह-अध्यक्षता करेंगे। दोनों पक्ष रक्षा, सिविल न्यूक्लियर ऊर्जा, अंतरिक्ष, साइबर एवं डिजिटल सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इनोवेशन, लोगों के बीच पारस्परिक संबंध और सांस्कृतिक सहयोग जैसे अनेक क्षेत्रों में चर्चा करेंगे। साथ ही नवीनतम वैश्विक और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श होगा।

फ्रांस दौरा पूरा करने के बाद विक्रम मिस्री जर्मनी जाएंगे, जहां वे जर्मन विदेश कार्यालय के स्टेट सेक्रेटरी गेजा एंड्रियास वॉन गेयर के साथ भारत-जर्मनी फॉरेन ऑफिस कंसल्टेशन की सह-अध्यक्षता करेंगे।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह दौरा जनवरी-फरवरी 2026 में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे के बाद हो रहा है। यह भारत-यूरोप के बीच नियमित उच्च-स्तरीय संवाद की निरंतरता को दर्शाता है और दोनों देशों के साथ समग्र द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा तथा सहयोग को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 April 2026 8:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story