आंध्र प्रदेश ट्रेन की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत, तीन महिलाएं शामिल
अमरावती, 5 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले में ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की जान चली गई, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले के उंगुटुर मंडल के चेब्रोल के पास शनिवार देर रात यह हादसा हुआ। चेरलापल्ली-शालीमार स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से एक पुरुष और तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि चारों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही ताडेपल्लीगुडेम सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल भेजा।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चारों एक ही परिवार के सदस्य हो सकते हैं और उन्होंने संभवतः आत्महत्या की है। सभी की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मौके से पुलिस को एक महिला के पास से शेख हसीना के नाम का एटीएम कार्ड मिला। वहीं दूसरी महिला के पास ताडेपल्लीगुडेम आरटीसी डिपो की बाइक पार्किंग रसीद मिली। इसके अलावा घटनास्थल से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए, लेकिन दोनों पूरी तरह क्षतिग्रस्त थे। पुलिस अब सिम कार्ड से डेटा निकालकर मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ताडेपल्लीगुडेम क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया है। जीआरपी ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
उधर, तेलंगाना के नलगोंडा जिले में रविवार तड़के हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिट्याल मंडल के पेड्डाकापर्थी गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक निजी ट्रैवल बस ने पीछे से कार को टक्कर मार दी।
हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे वीवी प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में उनकी पत्नी, बेटा, बेटी और उनका एक मित्र शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, परिवार चेन्नई से हैदराबाद लौट रहा था। इसी दौरान ओडिशा की एक निजी ट्रैवल एजेंसी की बस ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और पुलिस एवं राहतकर्मियों को शव बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी पीड़ित मूल रूप से आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के रहने वाले थे और फिलहाल हैदराबाद में रह रहे थे।
इस हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक लंबा जाम लगा रहा। बाद में पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाकर यातायात बहाल कराया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 July 2026 1:43 PM IST












