गजराज राव की 'बैंडिट क्वीन' के निर्माता शेखर कपूर से हुई मुलाकात
मुंबई, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता गजराज राव की मुंबई में 'बैंडिट क्वीन' के निर्माता शेखर कपूर से मुलाकात हुई।
गजराज ने सोमवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म निर्माता के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं।
अपने फिल्मी सफर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए निर्देशक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए 'बधाई हो' के अभिनेता ने स्वीकार किया कि "बैंडिट कीन" में अशोक चंद की भूमिका ने वास्तव में उनके जीवन की दिशा बदल दी।
गजराज ने फोटो शेयर कर लिखा, "शेखर, हर चीज के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आपसे प्यार करता हूं, शेखर। तीन दशक पहले, उन्होंने मुझे अपनी ऐतिहासिक फिल्म 'बैंडिट क्वीन में एक छोटा सा रोल दिया था। अशोक चंद के उस छोटे लेकिन महत्वपूर्ण किरदार ने मेरी जिंदगी की दिशा बदल दी। मैं महान फिल्म निर्माता शेखर कपूर का हमेशा आभारी रहूंगा।"
दिग्गज अभिनेता ने बताया कि शेखर ने उनसे उसी गर्मजोशी से मुलाकात की, जैसे उन्होंने तीन दशक पहले की थी।
गजराज ने कहा कि 'मासूम' बनाने वाले की आंखों में सूफी संत के समान करुणा और ज्ञान था।
उन्होंने आगे कहा, "आज फिर किस्मत मेहरबान हुई, मुंबई के सोहो हाउस में उनसे संयोगवश मुलाकात हो गई। उनका आशीर्वाद लिया। वो आज भी उतने ही स्नेही और मिलनसार हैं जितने 30 साल पहले जब मैंने उनके साथ काम किया था। उनकी आंखों में करुणा और ज्ञान झलकता है, मानो किसी सूफी संत या दरवेश की तरह। शेखर, हर चीज के लिए आपका शुक्रिया।"
'बैंडिट क्वीन' फिल्म फूलन देवी के जीवन पर आधारित है, जो माला सेन की पुस्तक 'इंडियाज बैंडिट क्वीन: द टू स्टोरीज ऑफ फूलन देवी" से प्रेरित है।
सीमा बिस्वास की मुख्य भूमिका के साथ इस प्रोजेक्ट में निर्मल पांडे, आदित्य श्रीवास्तव, सौरभ शुक्ला, मनोज बाजपेयी, रघुवीर यादव, राजेश विवेक, अनिरुद्ध अग्रवाल और गोविंद नामदेव भी प्रमुख भूमिकाओं में थे।
फिल्म 'बैंडिट क्वीन' 26 जनवरी 1994 को रिलीज हुई थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 April 2026 11:38 PM IST












