गो फैशन की दूसरी तिमाही में मुनाफा 59 प्रतिशत घटा, राजस्व भी 3 प्रतिशत गिरा

मुंबई, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। गो फैशन (इंडिया) लिमिटेड, जो महिलाओं के बॉटमवियर ब्रांड गो कलर्स का संचालन करती है, ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कमजोर वित्तीय नतीजे दर्ज किए हैं। कंपनी का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) सालाना आधार पर 59 प्रतिशत घटकर 9 करोड़ रुपए रह गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 22 करोड़ रुपए था।
स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, कंपनी का परिचालन राजस्व भी 3 प्रतिशत घटकर 217.6 करोड़ रुपए रह गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 224 करोड़ रुपए था।
कंपनी के परिचालन प्रदर्शन पर भी दबाव दिखाई दिया। ईबीआईटीडीए (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की आय) 21 प्रतिशत घटकर 53 करोड़ रुपए रह गया, जबकि पिछले वर्ष इसी तिमाही में यह 66.8 करोड़ रुपए था। वहीं ईबीआईटीडीए मार्जिन 29.8 प्रतिशत से घटकर 24.2 प्रतिशत पर आ गया।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौतम सरावगी ने नतीजों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस तिमाही का प्रदर्शन त्योहारी सीजन के कैलेंडर में बदलाव से प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा, "वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही में हमने अपनी रणनीतिक प्राथमिकताओं पर काम जारी रखा, लेकिन प्रमुख त्योहारों के तीसरी तिमाही में शिफ्ट होने के कारण कारोबार का प्रभाव पड़ा। आमतौर पर त्योहारी मांग से पहले हमारे बड़े फॉर्मेट स्टोर (एलएफएस) भागीदारों को होने वाली सप्लाई इस बार अक्टूबर में स्थानांतरित हो गई।"
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन की शुरुआत अच्छी रही है और पूरे सीजन के समाप्त होने के बाद इसके वास्तविक प्रभाव का बेहतर आकलन किया जा सकेगा।
इस दौरान कंपनी ने अपने बड़े प्रारूप वाले स्टोर्स पर फोकस जारी रखा। दूसरी तिमाही में कंपनी ने 9 नए स्टोर खोले, जबकि 23 छोटे स्टोर्स बंद किए। इसके बावजूद 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का कुल रिटेल क्षेत्रफल बढ़कर 4.48 लाख वर्ग फुट हो गया, जो मार्च 2026 के अंत में 4.34 लाख वर्ग फुट था।
कंपनी का कहना है कि बड़े स्टोर छोटे आउटलेट्स की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे उसे अपने उत्पादों की व्यापक शृंखला प्रदर्शित करने और ग्राहकों को बेहतर खरीदारी अनुभव देने में मदद मिलती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
