गुजरात में एसीबी का एक्शन- 40 हजार रुपए रिश्वत लेते खाद्य एवं औषधि विभाग के दो अधिकारी गिरफ्तार
भरूच, 18 अगस्त (आईएएनएस)। गुजरात के भरूच में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने खाद्य एवं औषधि विभाग के दो अधिकारियों को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों अधिकारी नई थोक दवा लाइसेंस (होलसेल ड्रग लाइसेंस) जारी करने की प्रक्रिया के लिए रिश्वत मांग रहे थे।
गिरफ्तार अधिकारियों की पहचान प्रकाशभाई पोसनानी (54) और सुरभि बेन देसाई (29) के रूप में हुई है। प्रकाशभाई पोसनानी भरूच में खाद्य एवं औषधि विभाग में सहायक आयुक्त (क्लास-1 अधिकारी) हैं, जबकि सुरभिबेन देसाई विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर एवं सहायक आयुक्त (क्लास-2 अधिकारी) के पद पर कार्यरत हैं।
एसीबी के अधिकारियों के मुताबिक दोनों को भरूच स्थित खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन कार्यालय में सहायक आयुक्त के कक्ष से ट्रैप कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया।
जांच के अनुसार, शिकायतकर्ता ने दवाओं के लिए नया थोक लाइसेंस प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान सुरभिबेन देसाई ने शिकायतकर्ता से कहा कि लाइसेंस जारी कर दिया जाएगा, लेकिन इसके लिए वरिष्ठ अधिकारी को 40 से 50 हजार रुपए देने होंगे।
रिश्वत देने के बजाय शिकायतकर्ता ने नर्मदा एसीबी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर एसीबी ने 18 अगस्त को भरूच कार्यालय में जाल बिछाया।
कार्रवाई के दौरान दोनों अधिकारियों ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपए स्वीकार कर लिए। इसके बाद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली।
एसीबी का कहना है कि दोनों अधिकारियों ने लोक सेवक के रूप में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए रिश्वत लेकर आपराधिक कदाचार किया है।
यह ट्रैप कार्रवाई नर्मदा एसीबी पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक डीडी वसावा, निगरानी एसीबी वडोदरा इकाई के प्रभारी सहायक निदेशक बीएम पटेल ने की, जबकि पूरी कार्रवाई का नेतृत्व एसीबी वडोदरा के उपनिदेशक बलदेव देसाई ने किया।
एसीबी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Aug 2026 11:55 PM IST












