शेख हसीना खुद लौटना चाहती हैं, रहमान सरकार भारत से मांग रही प्रत्यर्पण पूर्व उच्चायुक्त वीणा सिकरी

शेख हसीना खुद लौटना चाहती हैं, रहमान सरकार भारत से मांग रही प्रत्यर्पण  पूर्व उच्चायुक्त वीणा सिकरी
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर अनिश्चितता के बीच ढाका की तरफ से जारी एक प्रेस नोट ने विवाद खड़ा कर दिया है। बांग्लादेश में भारत की पूर्व उच्चायुक्त वीणा सिकरी ने कहा कि शेख हसीना खुद दिसंबर में अपने देश लौटना चाहती हैं, लेकिन तारिक रहमान सरकार चाहती है कि भारत उनका प्रत्यर्पण करे।

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर अनिश्चितता के बीच ढाका की तरफ से जारी एक प्रेस नोट ने विवाद खड़ा कर दिया है। बांग्लादेश में भारत की पूर्व उच्चायुक्त वीणा सिकरी ने कहा कि शेख हसीना खुद दिसंबर में अपने देश लौटना चाहती हैं, लेकिन तारिक रहमान सरकार चाहती है कि भारत उनका प्रत्यर्पण करे।

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। इस बीच बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय की तरफ से एक प्रेस नोट भी जारी किया गया, जिसमें पीएम रहमान के दौरे का जिक्र नहीं है। बांग्लादेश की पूर्व उच्चायुक्त वीणा सिकरी ने इस प्रेस नोट को अस्पष्ट बताया। उन्होंने कहा, "बांग्लादेश की तरफ से एक अस्पष्ट प्रेस रिलीज जारी किया गया, जिसमें रहमान के भारत दौरे की कोई पुष्टि नहीं की गई। ऐसा माना जा रहा है कि यह प्रेस नोट सीधे शेख हसीना के प्रत्यर्पण से जुड़ा है। यह बहुत ही ज्यादा विवादास्पद है। सभी जानते हैं कि प्रत्यर्पण मामले में समय लगता है। शेख हसीना ने खुद कहा है कि वो वापस जाना चाहती हैं।"

उन्होंने कहा, "बांग्लादेश ने एक शर्त रखी थी। हमारी तरफ से पीएम तारिक रहमान के लिए दो बार न्योते भेजे गए। एक वक्त लगता था कि वो सबसे पहले अपनी यात्रा भारत में करेंगे, लेकिन वो चीन और मलेशिया चले गए। बांग्लादेश ने अचानक से एक बहुत ही सख्त नोट दिया कि माहौल बिल्कुल सही नहीं है, जब तक शेख हसीना वापस नहीं आती हैं, रहमान भारत दौरे पर नहीं जाएंगे। ये बिल्कुल गलत बात है। प्रत्यर्पण के मामले में दो साल से ज्यादा समय भी लग सकता है। इससे स्पष्ट है कि वो भारत नहीं आना चाहते। शेख हसीना ने कहा है कि वो खुद इस साल दिसंबर में वहां जाना चाहती हैं। इसमें दिक्कत क्या है? हसीना खुद जाना चाहती हैं, लेकिन बांग्लादेश सरकार चाहती है कि भारत उनका प्रत्यर्पण करे।"

पूर्व उच्चायुक्त ने कहा, "वहां की अर्थव्यवस्था बहुत खराब है। मुहम्मद यूनुस की सरकार आई और ट्रेडिंग पैटर्न बदल दिया। इसका सबसे ज्यादा नुकसान बांग्लादेश की कंपनियों को हुआ है। जब लैंडरूट बंद हुए, तो कई कंपनियां और फैक्ट्रियां अपना ऑर्डर पूरा नहीं कर सकी, उसके बाद से कंपनियां बंद हुई। लाखों की तादाद में औरतें, जो रेडिमेड गारमेंट फैक्ट्री में काम करती थीं, बेरोजगार हो गईं। इसलिए वहां बहुत परेशानी है। उन्हें पता है कि भारत के साथ काम करके ये हालात ठीक हो सकते हैं। उनके वित्त मंत्री ने खुद कहा है कि हमारे हालात बहुत खराब हैं, हमारे बैंक खाली हैं, हमारी ट्रेजरी खाली है। इन सबके लिए वो शेख हसीना को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। जबकि दो साल हो गए उनकी सरकार को गए, बजट भी रहमान सरकार ने पेश किए हैं।"

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'सेव अमेरिका एक्ट' को सपोर्ट करने के लिए भारत की चुनाव प्रणाली का जिक्र किया। इसे लेकर वीणा सिकरी ने कहा, "अमेरिका के राष्ट्रपति की बहुत अच्छी बातें थीं। वे भारतीय चुनाव आयोग की सराहना कर रहे हैं और बता रहे हैं कि हमने 1.4 अरब लोगों की इतनी बड़ी आबादी के लिए वोटर आईडी कार्ड कैसे बनाए हैं। उन्होंने भारत के चुनाव आयोग की सराहना की है, जिस पर बेशक हम सभी को बहुत गर्व है।"

उन्होंने आगे कहा कि हमें पता है कि चुनाव आयोग कितने अच्छे से काम कर रहा है और अब राष्ट्रपति ट्रंप भी सराहना कर रहे हैं। अमेरिका में ऐसा कहा जा रहा है कि वहां जो अमेरिकी नागरिक नहीं हैं, उन्होंने भी मतदान किया है। इसकी वजह से लोगों में काफी असंतुष्टि है। हाल के न्यूयॉर्क के चुनाव में मेयर जोहरान ममदानी को लेकर भी रिपब्लिकन की तरफ से इस तरह के दावे किए गए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Aug 2026 11:55 PM IST

Tags

Next Story