विश्व एनेस्थीसिया दिवस 2026 1846 में इस दिन शुरू हुआ था चिकित्सा का नया युग, जानें इस वर्ष की थीम

विश्व एनेस्थीसिया दिवस 2026 1846 में इस दिन शुरू हुआ था चिकित्सा का नया युग, जानें इस वर्ष की थीम
चिकित्सा के क्षेत्र में 'एनेस्थीसिया' और 'एनेस्थिसियोलॉजिस्ट' जैसे शब्द अक्सर सुनने को मिलते हैं, लेकिन जरा सोचिए अगर एनेस्थिसियोलॉजिस्ट न होते और सर्जरी एवं ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया का इस्तेमाल न किया जाता, तो क्या होता? या फिर, उस दौर के बारे में कल्पना कीजिए जब ऐसी चिकित्सा सुविधाएं मौजूद ही नहीं थीं। तब किसी मरीज का ऑपरेशन कैसे होता होगा? जरा उस पीड़ा, उस असहनीय दर्द की कल्पना कीजिए, जो लोगों को बिना एनेस्थीसिया के की गई सर्जरी के दौरान सहना पड़ता रहा होगा।

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। चिकित्सा के क्षेत्र में 'एनेस्थीसिया' और 'एनेस्थिसियोलॉजिस्ट' जैसे शब्द अक्सर सुनने को मिलते हैं, लेकिन जरा सोचिए अगर एनेस्थिसियोलॉजिस्ट न होते और सर्जरी एवं ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया का इस्तेमाल न किया जाता, तो क्या होता? या फिर, उस दौर के बारे में कल्पना कीजिए जब ऐसी चिकित्सा सुविधाएं मौजूद ही नहीं थीं। तब किसी मरीज का ऑपरेशन कैसे होता होगा? जरा उस पीड़ा, उस असहनीय दर्द की कल्पना कीजिए, जो लोगों को बिना एनेस्थीसिया के की गई सर्जरी के दौरान सहना पड़ता रहा होगा।

मेडिकल के क्षेत्र में पहली बार सफल और सार्वजनिक ईथर एनेस्थीसिया का इस्तेमाल 16 अक्टूबर 1846 को अमेरिका के बोस्टन स्थित मैसाचुसेट्स जनरल अस्पताल में डॉ. विलियम टी.जी. मॉर्टन द्वारा किया गया था। इस ऐतिहासिक घटना ने सर्जरी को एक दर्दनाक प्रक्रिया से बदलकर दर्द रहित प्रक्रिया बना दिया, जिसकी याद में प्रत्येक वर्ष 16 अक्टूबर को विश्व एनेस्थीसिया दिवस मनाया जाता है।

सर्जरी के क्षेत्र में एनेस्थीसिया के सफल प्रयोग से एक नया युग प्रारंभ हो गया। इस ऐतिहासिक खोज के बाद ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया के इस्तेमाल से मरीज बिना उस असहनीय दर्द के सर्जरी करवा सकते हैं। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक आज भी लगभग 5 अरब लोगों की सुरक्षित एनेस्थीसिया प्रक्रियाओं तक पहुंच नहीं है।

विश्व एनेस्थीसिया दिवस मुख्य रूप से चिकित्सा और सर्जरी के क्षेत्र में एनेस्थीसिया के महत्व को उजागर करने के लिए मनाया जाता है। यह दिन उन एनेस्थिसियोलॉजिस्ट, ऑपरेशन थियेटर तकनीशियनों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान का सम्मान करने के लिए भी है, जो सर्जरी के दौरान मरीजों की सुरक्षा, देखभाल और आराम सुनिश्चित करते हैं।

विश्व एनेस्थीसिया दिवस पर चिकित्सा क्षेत्र में एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की भूमिका, आधुनिक चिकित्सा, सर्जरी और दर्द प्रबंधन में एनेस्थीसिया के अत्यंत महत्व को उजागर करने के लिए देश और दुनियाभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा, सुरक्षित एनेस्थीसिया प्रोटोकॉल और एनेस्थीसिया के विभिन्न प्रकारों के बारे में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के प्रयास भी किए जाते हैं।

विश्व फेडरेशन ऑफ सोसाइटीज ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स (डब्ल्यूएफएसए) के अनुसार, इस वर्ष विश्व एनेस्थीसिया दिवस की थीम 'सर्जरी से पहले, सर्जरी के दौरान और सर्जरी के बाद' है, जो मरीज की पूरी देखभाल यात्रा में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट की भूमिका को दर्शाती है। वहीं, पिछले वर्ष विश्व एनेस्थीसिया दिवस का थीम 'स्वास्थ्य आपात स्थितियों में एनेस्थीसियोलॉजी' था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Oct 2026 7:19 PM IST

Tags

Next Story