मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान लगे 'जय श्री राम' के नारे, पुलिस ने संभाली स्थिति

मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान लगे जय श्री राम के नारे, पुलिस ने संभाली स्थिति
मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में शुक्रवार को सीजेपी की ओर से आयोजित विरोध-प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भगवा रंग के मफलर पहने कुछ लोग प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और 'जय श्री राम' के नारे लगाने लगे। मुंबई पुलिस की तत्परता के कारण दोनों पक्षों के बीच बड़ा टकराव टल गया।

मुंबई, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में शुक्रवार को सीजेपी की ओर से आयोजित विरोध-प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भगवा रंग के मफलर पहने कुछ लोग प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और 'जय श्री राम' के नारे लगाने लगे। मुंबई पुलिस की तत्परता के कारण दोनों पक्षों के बीच बड़ा टकराव टल गया।

शिवाजी पार्क में यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों के साथ कई प्रमुख लोग भी शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जांच, और चुनाव आयोग अधिनियम 2023 को वापस लेने की मांग शामिल थी।

प्रदर्शन के दौरान भगवा मफलर पहने कुछ लोग अचानक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और 'जय श्री राम' के नारे लगाने लगे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और नारे लगाने वाले समूह के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई। अचानक हुई नारेबाजी से कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी मच गई और दोनों समूह आमने-सामने आ गए।

मौके पर तैनात मुंबई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों समूहों को अलग किया। पुलिस ने नारे लगाने वाले लोगों को घेरकर प्रदर्शन स्थल से बाहर निकाला।

पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई और किसी बड़ी अप्रिय घटना या हिंसक टकराव को टाल दिया गया।

पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन स्थल पर व्यवस्था बहाल की और दोनों पक्षों के बीच दूरी बनाए रखी।

हालांकि,'जय श्री राम' के नारे लगाने वाले लोगों के किसी राजनीतिक दल या संगठन से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Oct 2026 11:58 PM IST

Tags

Next Story