बेंगलुरु में तीन हत्याओं के बाद आत्महत्या, पिता बोले-समझ नहीं आ रहा बेटे ने ऐसा क्यों किया?
बेंगलुरु, 11 जुलाई (आईएएनएस)। बेंगलुरु के कोट्टिगेपल्या इलाके में शनिवार सुबह तीन परिजनों की हत्या करने के बाद आत्महत्या करने वाले 34 वर्षीय प्रशांत के पिता चिक्कन्ना ने कहा, "मुझे नहीं पता कि मेरे बेटे ने ऐसा क्यों किया। वह बिल्कुल ठीक था और मानसिक रूप से भी पूरी तरह स्वस्थ था।"
पत्रकारों से बात करते हुए चिक्कन्ना ने कहा कि शुक्रवार रात परिवार में कोई झगड़ा नहीं हुआ था और वह शनिवार सुबह अपनी लॉन्ड्री की दुकान खोलने के लिए जल्दी घर से निकल गए थे।
उन्होंने कहा, "प्रशांत बिल्कुल सामान्य था। वह ड्राइवर था और अपनी रोजमर्रा की जिंदगी ठीक तरह से जी रहा था। घर में किसी तरह का कोई झगड़ा भी नहीं हुआ था। मैं सुबह काम पर निकल गया था। इसके बाद करीब 10 बजे मुझे फोन आया और घटना के बारे में जानकारी मिली। मुझे अभी ठीक से पता नहीं है कि आखिर क्या हुआ।"
चिक्कन्ना ने बताया कि प्रशांत अविवाहित था और परिवार के साथ रहता था। उन्होंने कहा, "अगर रात में कोई झगड़ा हुआ होता तो मैं घर से निकलकर दुकान खोलने नहीं जाता।"
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एन. यतीश ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 8:30 बजे से 9 बजे के बीच कामाक्षीपाल्या थाना क्षेत्र के कोट्टीगेपाल्या इलाके में तीन हत्याओं और एक आत्महत्या की सूचना मिली।
डीसीपी ने बताया, "पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि उस घर में पांच लोग रहते थे, जिनमें पिता, मां, दादी, जीजा और बेटा शामिल थे। पिता सुबह अपनी दुकान के लिए निकल गए थे। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने घर से शोर सुनाई देने की बात कही थी। घर के प्रवेश द्वार के पास दो शव मिले, जबकि अंदर जाने पर पुलिस को दो और शव मिले। सभी के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले।"
उन्होंने कहा कि हत्याओं के पीछे की वजह की अभी जांच चल रही है। उन्होंने कहा, "हम परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य स्रोतों से जानकारी जुटा रहे हैं। फिलहाल हम मामले के सभी पहलुओं की पुष्टि कर रहे हैं।"
आरोपी की पहचान ड्राइवर प्रशांत (34) के तौर पर हुई है। पुलिस को शक है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या करने से पहले अपनी मां मंगलाम्मा, दादी नंजम्मा और जीजा सतीश की हत्या कर दी थी। मंगलम्मा एक गारमेंट फैक्ट्री में, नंजम्मा सफाईकर्मी और सतीश प्लंबर का काम करते थे।
यह घटना कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अयप्पा मंदिर के पास कोट्टीगेपाल्या में हुई। यह परिवार मूल रूप से कुनिगल का रहने वाला था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत इकट्ठा किए। पुलिस घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए रिश्तेदारों, पड़ोसियों और स्थानीय निवासियों के बयान दर्ज कर रही है। आगे की जांच चल रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 4:11 PM IST












