नरोत्तम मिश्रा पार्टी की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं जगदीश देवड़ा
भोपाल, 11 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी ने नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इस फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मिश्रा संगठन की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने दतिया उपचुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा का जिक्र करते हुए संवाददाताओं से कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर लिया गया निर्णय भारतीय जनता पार्टी का निर्णय है, जिसे सभी शिरोधार्य करते हैं। संगठन हमारे लिए सर्वोपरि है। पार्टी ने जो निर्णय लिया है, उसका सभी नेता और कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा के साथ पालन करेंगे।
उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने आगे कहा कि नरोत्तम मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता हैं। उन्होंने संगठन और सरकार में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है तथा संगठन की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं।
दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद जारी विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की छोटी-बड़ी नाराजगी है तो उसका समाधान पार्टी स्तर पर आपसी संवाद के माध्यम से कर लिया जाएगा। ऐसी कोई स्थिति नहीं बनेगी, जिससे संगठन प्रभावित हो।
उपमुख्यमंत्री ने पार्टी की रीति नीति का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में उम्मीदवार की घोषणा अवश्य होती है, लेकिन चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, पूरी पार्टी का होता है। दतिया उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के सभी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पारिवारिक भावना एवं पूर्ण एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। पूरा संगठन एकजुट होकर पार्टी की प्रचंड विजय सुनिश्चित करेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 4:52 PM IST












