सपा सांसद अवधेश प्रसाद बोले-खाद संकट, रोजगार और कानून व्यवस्था पर सरकार पूरी तरह विफल
लखनऊ, 11 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने जिला पंचायतों में प्रशासकों की नियुक्ति, मेरठ में दलित छात्रा हत्याकांड, मदरसों को मिलने वाले अनुदान और प्रदेश में खाद की कमी समेत कई मुद्दों पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक बनाए जाने के फैसले पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि जिन जिला पंचायत अध्यक्षों का पांच साल का कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो रहा है, अब उन्हीं लोगों को प्रशासक बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार 'वन नेशन, वन इलेक्शन' की बात करती है, तब वह समय पर जिला पंचायत चुनाव तक नहीं करा पा रही है।
उन्होंने कहा, "अगर सरकार जिला पंचायतों के चुनाव नहीं करा सकती, तो वन नेशन, वन इलेक्शन की बात सिर्फ कल्पना और दिवास्वप्न है।"
मेरठ में दलित छात्रा की हत्या के मामले पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा है कि वहां कोई राजनीतिक दल राजनीति न करे। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे पर बयान दे रहे हैं, लेकिन वह किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी नहीं करना चाहते।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश में महिलाओं और दलितों पर अत्याचार लगातार बढ़े हैं। उन्होंने कहा, "योगी आदित्यनाथ सरकार में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं, दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं और अपराध की सारी सीमाएं पार हो गई हैं। इसका कारण यह है कि सरकार का प्रभाव खत्म हो गया है। जब शासन का प्रभाव कमजोर पड़ जाता है, तब इस तरह की घटनाएं बढ़ने लगती हैं।"
अवधेश प्रसाद ने कहा कि संविधान ने सभी नागरिकों को अपनी आवाज उठाने, सरकार से सवाल पूछने और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए सरकार को घेरना और जवाब मांगना लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि समस्याओं से लड़ने के बजाय उनसे मुंह मोड़ना सही रास्ता नहीं है।
मदरसों को मिलने वाले अनुदान पर उन्होंने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी अलग राजनीतिक पहचान है। उनका आरोप था कि सरकार असली मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय बार-बार नमाज, मदरसा और मुसलमानों से जुड़े मुद्दों को सामने लाती है।
उन्होंने कहा कि इस समय पूरे प्रदेश में किसानों के सामने खाद की भारी कमी है। धान की फसल के लिए खाद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, लेकिन किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में खाद की किल्लत से किसानों में भारी नाराजगी है।
सपा सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार कई मामलों में पेपर लीक हो रहे हैं। अयोध्या मेंसमिति (कमेटी) से जुड़ी रिपोर्ट भी लीक हो गई। इसके बावजूद मुख्यमंत्री इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय अपनी राजनीतिक छवि बचाने में लगे हुए हैं।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि सरकार के पास युवाओं को रोजगार देने, किसानों की समस्याएं दूर करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दलितों पर हो रहे अत्याचार रोकने के लिए कोई ठोस प्लान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार इन मुद्दों पर काम नहीं कर पाती, तब वह अपनी राजनीतिक पहचान बनाए रखने के लिए नमाज, मदरसा और मुसलमानों जैसे विषयों को बार-बार उठाती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 5:12 PM IST












