भारत रूस को पछाड़ विदेशी मुद्रा भंडार में दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंचा
मुंबई, 12 सितंबर (आईएएनएस)। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। इसकी वजह आरबीआई की ओर से डॉलर आकर्षित करने के लिए शुरू की गई एफसीएनआर (बी) जमा स्कीम के तहत बड़ा फंड आना है।
4 सितंबर को समाप्त हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 44.9 अरब डॉलर बढ़कर 785.7 अरब डॉलर के आंकड़े पर पहुंच गया है।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, 785.7 अरब डॉलर के विदेशी मुद्रा भंडार के साथ भारत रूस को पछाड़कर चीन, जापान और स्विट्जरलैंड के बाद चौथे स्थान पर आ गया है।
सोने की कीमतों में गिरावट के कारण इस हफ्ते देश के गोल्ड रिजर्व 2.59 अरब डॉलर की कमी आई और यह 113.81 अरब डॉलर हो गया, हालांकि, विदेशी मुद्रा के रिजर्व में मजबूती से विदेशी मुद्रा भंडार में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है।
विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी अर्थव्यवस्था की मजबूत स्थिति को दिखाती है और इससे आरबीआई को रुपए में उतार-चढ़ाव आने पर उसे स्थिर करने के लिए ज्यादा गुंजाइश मिलती है।
विदेशी मुद्रा का मजबूत भंडार आरबीआई को स्पॉट और फॉरवर्ड करेंसी मार्केट में दखल देने में मदद करता है। वह ज्यादा डॉलर जारी करके रुपए की कीमत को तेजी से गिरने से रोक सकता है।
इस बीच, आरबीआई ने विदेशी मुद्रा के भारी इनफ्लो की वजह से बैंकिंग सिस्टम में जमा हुई अतिरिक्त लिक्विडिटी को कम करने के लिए 1 लाख करोड़ रुपए के सरकारी बॉन्ड की 'ओपन मार्केट ऑपरेशन' (ओएमओ) बिक्री की घोषणा की है।
आरबीआई 1 लाख करोड़ रुपए की सरकारी सिक्योरिटीज को तीन किश्तों में बेचेगा, जिसमें 17 सितंबर को 50,000 करोड़ रुपए, 21 सितंबर को 25,000 करोड़ रुपए और 28 सितंबर को बाकी 25,000 करोड़ रुपए शामिल हैं। ये नीलामी मल्टी-सिक्योरिटी नीलामी के जरिए मल्टीपल-प्राइस मेथड से की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Sept 2026 2:26 PM IST












