राहुल गांधी के इंदौर दौरे पर बोले विश्वास सारंग, मध्य प्रदेश आएं पर देश को बांटने वाली बात न करें
भोपाल, 12 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए भोपाल के मास्टर प्लान, बांदा दौरे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आगामी इंदौर दौरे समेत कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
विश्वास सारंग ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि भाजपा सरकार विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भोपाल के विकास को लेकर उसे किसी तरह की चिंता नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर विकास के बजाय विनाश की राजनीति करने का आरोप लगाया।
भोपाल के लंबे समय से लंबित मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस नेता पीसी शर्मा की 31 घंटे की भूख हड़ताल पर प्रतिक्रिया देते हुए सारंग ने कहा कि केवल राजनीति करना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस की 14 महीने की सरकार के दौरान ये नेता कहां थे। सारंग ने कहा कि भाजपा सरकार भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर पूरी तरह गंभीर है और जल्द ही मास्टर प्लान लाया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस की भूख हड़ताल को राजनीतिक ड्रामा और नौटंकी करार दिया।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बांदा दौरे को लेकर भी सारंग ने विपक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना को लेकर वर्ग-संघर्ष या भ्रम की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए। मृतकों पर राजनीति करने से बचने की अपील करते हुए उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।सरकार ने आवश्यक कदम उठाए हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्षी नेताओं से भी मौतों का राजनीतिकरण नहीं करने की अपील की।
लोकसभा में विपक्ष के नेता के आगामी इंदौर दौरे को लेकर सारंग ने कहा कि राहुल गांधी के मध्य प्रदेश आने में कोई समस्या नहीं है और उनकी सभाओं या कार्यक्रमों की अनुमति पर सरकार ने पहले कभी रोक नहीं लगाई, हालांकि उन्होंने अपील की कि वे अपने दौरे पर देश को बांटने या वर्ग-संघर्ष को बढ़ावा देने वाली बातें न करें।
सारंग ने राहुल गांधी पर धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें हिंदू-मुस्लिम या जातिगत मुद्दों को राजनीतिक रंग देने से बचना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के पूर्व बयानों और विदेश दौरों को लेकर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनका राजनीतिक रिकॉर्ड देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Sept 2026 2:46 PM IST












