- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- नेशनल लोक अदालत आज : मिलेगी राहत
सिवनी न्यूज: नेशनल लोक अदालत आज : मिलेगी राहत

भास्कर न्यूज सिवनी जिला न्यायालय सिवनी सहित जिले के विभिन्न न्यायालयों में आज 12 सितंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत का उद्देश्य पक्षकारों के बीच आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर उन्हें राहत प्रदान करना है। नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय सिवनी, तहसील न्यायालय लखनादौन तथा व्यवहार न्यायालय घंसौरए केवलारी एवं श्रृंखला न्यायालय छपारा में किया जाएगा। लोक अदालत में लंबित समझौते योग्य आपराधिक प्रकरणों, विभिन्न प्रकार के दीवानी प्रकरणों, पारिवारिक विवादों, चेक बाउंस मामलों, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों तथा विद्युत संबंधी मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा बैंक ऋण वसूली, जलकर वसूली सहित अन्य प्रि-लिटिगेशन प्रकरणों को भी लोक अदालत के माध्यम से निपटाने का अवसर उपलब्ध रहेगा। लोक अदालत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पक्षकार आपसी सहमति और समझौते के माध्यम से अपने विवाद का समाधान कर सकते हैं। इससे न्यायालयीन प्रक्रिया में लगने वाले समय और धन की बचत होती है। साथ ही आपसी सहमति से विवाद समाप्त होने के कारण दोनों पक्षों को राहत मिलती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। पक्षकार अपने लंबित अथवा प्रि-लिटिगेशन प्रकरणों के आपसी समझौते से निराकरण के लिए संबंधित न्यायालय अथवा विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं।
Created On :   12 Sept 2026 3:57 PM IST












