Seoni news: बैंककर्मी हड़ताल पर, करोड़ों का लेनदेन प्रभावित

बैंककर्मी हड़ताल पर, करोड़ों का लेनदेन प्रभावित
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग

डिजिटल न्यूज़ सिवनी

पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने समेत लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को जिले के बैंक अधिकारी-कर्मचारी एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल में शामिल हुए। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर आयोजित हड़ताल के दौरान बैंककर्मियों ने एसबीआई मुख्य शाखा बारापत्थर से नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। जिले के विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी इसमें शामिल रहे।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन सिवनी के संयोजक राकेश टेकाम एवं पंकज नागले ने बताया कि 12वें द्विपक्षीय वेतन पुनरीक्षण समझौते के दौरान भारतीय बैंक संघ और यूएफबीयू के बीच पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग पर भविष्य में वार्ता कर निराकरण करने पर सहमति बनी थी। इसके बाद बैंक यूनियनों ने पिछले करीब दो वर्षों में पत्राचार और चर्चा के माध्यम से इस मांग को लगातार उठाया।

बैंककर्मियों का आरोप है कि भारतीय बैंक संघ की ओर से लंबित मांग के निराकरण को लेकर अपेक्षित सकारात्मक पहल नहीं की गई। इसके अलावा यूनियनों ने भेदभावपूर्ण पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) को समाप्त करने की मांग भी उठाई है।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की 10 सितंबर को हुई बैठक में लंबित मांगों को लेकर दोबारा आंदोलन की राह पर जाने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में 11 सितंबर को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल रखी गई। सिवनी में बैंककर्मियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन के माध्यम से अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

Created On :   11 Sept 2026 4:20 PM IST

Tags

Next Story