- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- वाट्सएप हैक कर क्यूआर कोड भेजकर 28...
सिवनी न्यूज: वाट्सएप हैक कर क्यूआर कोड भेजकर 28 हजार की ठगी

भास्कर न्यूज़, सिवनीसाइबर ठगों ने अब लोगों के परिचितों के वॉट्सऐप अकाउंट को निशाना बनाकर ठगी का नया तरीका अपना लिया है। घंसौर क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक से उसके परिचित के हैक किए गए वॉट्सऐप नंबर के जरिए संपर्क कर 28 हजार रुपए ठग लिए। ठग ने जरूरत बताकर युवक को क्यूआर कोड भेजा और खाते में रकम ट्रांसफर करा ली। बाद में जब युवक ने फोन पर बात करने को कहा तो मैसेज आया कि अभी व्यस्त हूं, फ्री होकर कॉल करता हूं। इसके बाद दोबारा 20 हजार रुपए की मांग की गई, जिस पर युवक ने पहले फोन करने को कहा और आगे रकम ट्रांसफर नहीं की।
दोस्त का वॉट्सऐप हैक होने का पता चला
ग्राम खैरीकला निवासी अजय नाथ ने पुलिस को बताया कि उसके परिचित कन्हैया तिवारी के वॉट्सऐप नंबर से उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि यूपीआई काम नहीं कर रहा है और 28 हजार रुपए की जरूरत है। अजय ने क्यूआर कोड मांगा। इसके बाद भेजे गए क्यूआर कोड पर उसने 28 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए और स्क्रीनशॉट भी भेज दिया। सामने से ओके का मैसेज आया।
दोबारा फोन आने पर हुआ शक
कुछ देर बाद ठग ने 20 हजार रुपए और मांगे। अजय ने पहले फोन पर बात करने को कहा। जब फोन नहीं आया तो उसने अपने पिता को कन्हैया तिवारी के घर भेजा। वहां पता चला कि कन्हैया ने ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजा था और उसका वॉट्सऐप अकाउंट हैक हो गया था। इसके बाद अजय को समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। अजय ने घटना वाले दिन ही साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर सेल जबलपुर पहुंचकर भी शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Created On :   11 Sept 2026 3:05 PM IST












