Seoni news: कक्का जी सहित पांच के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर

कक्का जी सहित पांच के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर
महिलाओं के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी और आदेश के उल्लंघन का आरोप

डिजिटल न्यूज़ सिवनी

राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ और संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में गुरुवार को मंडला बायपास आमाझिरिया में हुई आमसभा में अपने उद्बोधन के दौरान कलेक्टर का उल्लेख करने वाले राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा (कक्का जी) सहित पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। नायब तहसीलदार सिवनी की ओर से दी गई लिखित शिकायत पर डूंडासिवनी थाना में धारा 79, 223(ए), 126(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी, परमिशन स्थल की बजाय दूसरे स्थान पर सभा करना तथा रास्ता रोकने के मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है। डूंडासिवनी टीआई चैनसिंह उइके से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि शिवकुमार शर्मा (कक्का जी), प्रांत संगठन मंत्री धनसिंह ठाकुर, जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, शुभम दयाल पटेल तथा राजेश सोलंकी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है। जांच में आरोपियों की संख्या में और इजाफे की संभावना पुलिस जता रही है। सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने भी विज्ञप्ति जारी कर महिला अधिकारी व कर्मचारी के प्रति की गई टिप्पणी अमर्यादित बताया है।

राजनीति कर रही कलेक्टर, गांव-गांव जलाए जाएंगे पुतले, किया जाएगा प्रदर्शन : शोभाराम भलावी

कक्का जी सहित अन्य के खिलाफ कराई गई एफआईआर पर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शोभाराम भलावी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गांव-गांव कलेक्टर के पुतले जलाने की बात कही है। उन्होंने कलेक्टर पर राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अधिकारियों-कर्मचारियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका कहना था कि कक्का जी ने कलेक्टर के खिलाफ कोई अशोभनीय टिप्पणी नहीं की है।पहले भी गाय व गधों को ज्ञापन दिया जा चुका है। श्री भलावी का कहना है कि हमारे 76 साल के बुजुर्ग राष्ट्रीय अध्यक्ष कक्का जी व वे 9 सितंबर को कलेक्टर से मिलने गए थे, लेकिन 2 घंटे इंतजार कराने के बावजूद उन्होंने मिलने से इंकार कर दिया, जबकि अमित शाह जी, केन्द्रीय मंत्रीगण, प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलने के लिए कक्का जी को 15 मिनट से ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ता। 10 सितंबर को जब हम रैली लेकर आ रहे थे तो मंडला बायपास पर पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने रोक दिया। हमने कोई जाम नहीं लगाया। वहीं, मौखिक रूप से बोला गया कि यहीं सभा कर लो। सभा कर ली फिर रैली को शहर आने से रोक दिया गया। रास्ता हमने नहीं पुलिस व जिला प्रशासन के अफसरों ने रोका था। आदिवासी जिले सिवनी में कलेक्टर की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। किसानों, आदिवासियों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुरजोर विरोध प्रदर्शन कर गांव-गांव कलेक्टर के पुतले जलाए जाएंगे।

अधिकारियों-कर्मचारियों ने जताया आक्रोश, सौंपा ज्ञापन

-कक्का जी पर महिला अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध अमर्यादित टिप्पणी का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को अधिकारियों-कर्मचारियों ने एकत्र होकर नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग सहित अशोभनीय टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त कर माफी मांगने, आगामी समय में आयोजित होने वाले सभी राजनीतिक, सामाजिक या धरना-प्रदर्शन के कार्यक्रमों में शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान और मर्यादा का पूर्ण ध्यान रखा जाना अनिवार्य किए जाना सहित अन्य मांग शामिल हैं।

अजाक्स संघ ने भी सौंपा ज्ञापन -इस मामले में अजाक्स संघ ने भी पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर कक्का जी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान अजाक्स के जिला अध्यक्ष चित्तौड़ सिंह कुशराम, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह काकोडिय़ा, संतकुमार मर्सकोले, सुरेंद्र बारमाटे सहित अन्य मौजूद रहे।

Created On :   12 Sept 2026 2:26 PM IST

Tags

Next Story