- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- बैंककर्मी हड़ताल पर, करोड़ों का...
Seoni news: बैंककर्मी हड़ताल पर, करोड़ों का लेनदेन प्रभावित

डिजिटल न्यूज़ सिवनी
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर शुक्रवार को जिले के सरकारी बैंक अधिकारी-कर्मचारी एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल में शामिल हुए। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आव्हान पर आयोजित हड़ताल के दौरान बैंककर्मियों ने बारापत्थर स्थित एसबीआई मुख्य शाखा से नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। जिले के विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी इसमें शामिल रहे। बैंककर्मियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन के माध्यम से अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
दो सालों से चल रही मांग, फिर भी कार्रवाई नहीं
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन सिवनी के संयोजक राकेश टेकाम एवं पंकज नागले ने बताया कि 12 वें द्विपक्षीय वेतन पुनरीक्षण समझौते के दौरान भारतीय बैंक संघ और यूएफबीयू के बीच पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग पर भविष्य में वार्ता कर निराकरण करने पर सहमति बनी थी। इसके बाद बैंक यूनियनों ने पिछले करीब दो वर्षों में पत्राचार और चर्चा के माध्यम से इस मांग को लगातार उठाया जा रहा है।
नहीं की जा रही पहल
बैंककर्मियों का आरोप है कि भारतीय बैंक संघ की ओर से लंबित मांग के निराकरण को लेकर अपेक्षित सकारात्मक पहल नहीं की गई। इसके अलावा यूनियनों ने भेदभावपूर्ण पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) को समाप्त करने की मांग भी उठाई है। ज्ञात हो कि जिले में १२ सरकारी बैंकों की करीब ५० शाखाएं हैं।
ये काम हुए प्रभावित
हड़ताल से बैंकों में लेनदेन नहीं हो पाया। व्यापारी आरटीजीएस नहीं कर पाए और करीब पांच करोड़ का क्लीयरिंग नहीं हो पाया इससे परेशानी बढ़ी।
Created On :   12 Sept 2026 2:18 PM IST












