सतना न्यूज: न देवी मंदिर में चोरी का सुराग मिला, न ही घरों से नकदी-गहने उड़ाने वाले गिरफ्त में आए

न देवी मंदिर में चोरी का सुराग मिला, न ही घरों से नकदी-गहने उड़ाने वाले गिरफ्त में आए
नागौद सबडिवीजन के नगरीय और ग्रामीण इलाकों में चोरी के मामले बढ़े

डिजिटल डेस्क सतना। नागौद सबडिवीजन के थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों के दौरान चोरी की कई वारदातें सामने आईं, मगर इक्का-दुक्का मामलों को छोडक़र सबके सब अनसुलझे हैं। पुलिस ने किसी तरह जिन प्रकरणों का खुलासा किया, उनमें भी चोरी गए सामान की तुलना में बरामदगी नाममात्र की रही। चोरों के बढ़ते आतंक और पुलिस की ढिलाई से लोगों में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास टूटता जा रहा है।

केस-1

सिंहपुर थाना अंतर्गत शिवराजपुर गांव से लगभग 4 किलोमीटर दूर स्थित गाजीपुर माता मंदिर से चोरों ने दो बार में लगभग 24 किलोग्राम चांदी चोरी कर ली, मगर अब तक चोरों का सुराग तक नहीं मिला है। पहली वारदात 2 जून की रात को अंजाम दी गई, तब बदमाशों ने मंदिर पर रखा सिंहासन तोडक़र लगभग 4 किलो चांदी चोरी कर ली थी। पुलिस इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद जांच का दिखावा करती रही, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने ठीक एक माह बाद 1 जुलाई की रात को दोबारा देवी मंदिर के ताले तोडक़र 20 किलोग्राम से ज्यादा चांदी पार कर दी। इस घटनाक्रम को भी अब डेढ़ माह बीत चुके हैं, मगर घटना स्थल का निरीक्षण और कुछ लोगों से पूछताछ के सिवाय कोई कार्रवाई नहीं हुई, चोर आज भी खुलेआम घूम रहे हैं।

केस-2

इसी तरह 14-15 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने नागौद थाना क्षेत्र के ग्राम वीरपुर में रामलखन पटेल के घर की पिछली दीवार पर सेंध लगाकर कमरे में प्रवेश किया और आलमारी व पेटी के लॉक तोडक़र उनकी पत्नी, बहू और बेटी के सोने-चांदी के आभूषण समेत नकदी चुराकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत 15 लाख से भी अधिक थी। इसी गिरोह ने महेन्द्र कुशवाहा के घर में भी वारदात का प्रयास किया, मगर लोगों के जाग जाने से नाकाम रहे, तो 15 अगस्त को ही दिनदहाड़े अटरा गांव में भी चोरी की वारदात सामने आई थी। तीनों ही मामलों में शुरुआती खानापूर्ति के बाद पुलिस ने कुछ पुराने बदमाशों को पूछताछ के लिए उठाया और दूसरे प्रकरण में गिरफ्तारी दिखाकर जेल भेज दिया। तब से लेकर एक माह का वक्त गुजर चुका है, लेकिन नागौद की पुलिस चुप्पी साधे बैठी है।

केस-3

जंगल और ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी वारदातों को अंजाम देकर खुले घूम रहे चोर अब पुलिस की नाक के नीचे ही चोरी करने से नहीं घबराते हैं और रात के बजाय दिन में ही मकानों के ताले तोडक़र नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर देते हैं। इसका जीवंत उदाहरण गुरुवार को नागौद कस्बे में सामने आया, जब मूलत: किशनपुर निवासी मनीष सिंह के ईदगाह चौक स्थित घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने दिन में ही ताला चटका कर कमरों की तलाशी लेने के बाद अलमारी में रखी 80 हजार नकदी और लगभग 8 लाख की ज्वैलरी चोरी कर ली। बताया गया है कि मनीष अपने काम पर गए थे, जबकि उनकी टीचर पत्नी और दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। दोपहर में खाना खाने के लिए लौटने पर मकान मालिक को चोरी की बात पता चली। यह घटनास्थल नागौद नगर के मध्य में स्थित है, जिसकी थाने से दूरी कुछ सौ मीटर ही है।


Created On :   12 Sept 2026 4:01 PM IST

Tags

Next Story