- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- मेड-इन-यूएसए पिस्टल के साथ पकड़े गए...
सतना न्यूज: मेड-इन-यूएसए पिस्टल के साथ पकड़े गए कार सवार

डिजिटल डेस्क सतना। सिविल लाइन पुलिस ने कार सवार 3 बदमाशों को विदेशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से 2 आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया, तो वहीं नाबालिग को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। गुरुवार की रात को पेट्रोलिंग के दौरान काले रंग की कार क्रमांक एमपी 19 जेडयू 1935 में घूम रहे तीन लोगों के पास अवैध असलहा की खबर मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और कोठी तिराहे के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया, जिसमें ड्राइविंग सीट पर उदित अग्निहोत्री पुत्र प्रदीप उर्फ रज्जन अग्निहोत्री 28 वर्ष, निवासी खैरा-बगहा, उसके बगल में सतेन्द्र पुत्र रामफल चौधरी 20 वर्ष, निवासी बगहा और पीछे की सीट पर एक नाबालिग बैठे मिले।
तलाशी में मिला असलहा ---
तीनों से पूछताछ कर तलाशी ली गई तो उदित के कब्जे से मेड इन यूएसए, ऑटोमेटिक पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बरामद हो गए, जिसकी कीमत 50 हजार रुपए निकाली गई है। आधुनिक और विदेशी असलहा मिलने पर पुलिस टीम भौचक्की रह गई, फौरन ही तीनों को कार समेत थाने ले जाया गया, जहां मनोवैज्ञानिक तरीके से सवाल-जवाब करने पर मुख्य आरोपी ने असलहा खरीदने के संबंध में चौकाने वाला खुलासा किया, जिसकी तस्दीक कर सप्लायर की खोजबीन शुरू कर दी गई है।
दो आरोपी भेजे गए सेंट्रल जेल, एक किशोर न्यायालय में पेश ---
प्राथमिक जांच के बाद आम्र्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर शुक्रवार सुबह उदित और प्रदीप को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि अपचारी बालक को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी की कार को भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपए निकाली गई। शहर में असामाजिक और अपराधिक तत्वों के पास विदेशी असलहों की पहुंच ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, तो पुलिस के मुखबिर तंत्र की विश्वसनीयता पर भी प्रश्न चिन्ह लगा दिए हैं। उक्त कार्रवाई में टीआई प्रीति विश्वकर्मा, एएसआई सुधीश अग्निहोत्री, मुनिराज सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक द्विवेदी, विकास सिंह, प्रवीण तिवारी और आरक्षक आनंद सिंह ने अहम भूमिका निभाई।
--------------------
Created On :   11 Sept 2026 9:01 PM IST











