भारत-दुबई ने पर्यटन और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की
दुबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत (कॉन्सल जनरल), विष्णु वर्धन रेड्डी ने सोमवार को दुबई के डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमी एंड टूरिज्म के डायरेक्टर जनरल, हेलाल सईद अल मरी से शिष्टाचार भेंट की और दोनों पक्षों के बीच आर्थिक और पर्यटन संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
दुबई में भारत के कॉन्सुलेट जनरल (सीजीआई यानी भारत का महावाणिज्य दूतावास) ने 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी। पोस्ट में लिखा, "भारत के महावाणिज्य दूत, डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमी एंड टूरिज्म के डायरेक्टर जनरल, हेलाल सईद अल मरी से शिष्टाचार भेंट की। इस बातचीत में भारत-दुबई के बीच आर्थिक और पर्यटन संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई, जिसमें व्यापारिक जुड़ाव, निवेश और लोगों के बीच संबंधों को बढ़ाने पर खास ध्यान दिया गया।"
पिछले हफ्ते, रेड्डी ने शारजाह पोर्ट्स, कस्टम्स एंड फ्री जोन्स अथॉरिटी (बंदरगाह, सीमा-शुल्क और मुक्त क्षेत्र प्राधिकरण) के अध्यक्ष, शेख खालिद बिन अब्दुल्ला बिन सुल्तान अल कासिमी से मुलाकात की थी और आपसी सहयोग, व्यापार और निवेश को मजबूत करने के उपायों पर बात की थी।
दुबई में भारत के महावाणिज्य दूतावास (कॉन्सुलेट जनरल) ने तब 'एक्स' पर इसका अपडेट दिया था। बताया, "कॉन्सल जनरल डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने शारजाह पोर्ट्स, कस्टम्स एंड फ्री जोन्स अथॉरिटी के अध्यक्ष शेख खालिद बिन अब्दुल्ला बिन सुल्तान अल कासिमी से मुलाकात की। बातचीत का मुख्य उद्देश्य आपसी सहयोग, व्यापार और निवेश को और मजबूत करने तथा भारत-शारजाह संबंधों को और बेहतर बनाने के अवसरों का पता लगाना था।"
मुलाकातों का ये दौर पिछले कई दिनों से जारी है। इसी के तहत रेड्डी ने यूएई सुप्रीम काउंसिल के सदस्य और रास अल खैमाह के शासक, शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से मुलाकात की थी। इस दौरान व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में साझेदारी को और गहरा करने पर चर्चा हुई थी।
इन मुलाकातों का जिक्र भी कॉन्सुलेट जनरल ने 'एक्स' पर किया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Sept 2026 6:12 PM IST












