भारत ने सेशेल्स को चार एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस भेंट कीं

विक्टोरिया, 10 नवंबर (आईएएनएस)। सेशेल्स में भारत के उच्चायुक्त रोहित रतीश ने मंगलवार को सेशेल्स के स्वास्थ्य मंत्री मार्विन फैनी को चार 'एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट' एंबुलेंस सौंपीं।
सेशेल्स में भारतीय उच्चायोग ने कहा कि यह उपहार भारत और सेशेल्स के बीच लोगों-केंद्रित रिश्तों और स्वास्थ्य क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे सहयोग को दर्शाता है।
उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट पर जानकारी देते हुए कहा, "उच्चायुक्त रोहित रतीश ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मार्विन फैनी को चार एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस सौंपीं।"
उच्चायोग ने याद दिलाया कि जून 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेशेल्स यात्रा के दौरान छह एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट और बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस सेशेल्स को भेंट की गई थीं। बयान में कहा गया, "यह उपहार भारत और सेशेल्स के बीच लोगों के हितों पर आधारित मजबूत रिश्तों को दर्शाता है और स्वास्थ्य क्षेत्र में दोनों देशों के लंबे सहयोग को उजागर करता है।"
इससे पहले अगस्त में भारत ने सेशेल्स रक्षा बल के प्रमुख को पांच लेजर रेडियल नौकाएं भी सौंपी थीं। यह कदम प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जून में सेशेल्स की यात्रा के दौरान की गई घोषणा को पूरा करने के लिए उठाया गया था। भारत ने रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए सेशेल्स को विशेष कैलिब्रेटेड उपकरण और मरम्मत किए गए इलेक्ट्रॉनिक यूनिट्स भी सौंपे।
भारतीय उच्चायोग ने बताया, "तीन मरम्मत किए गए डॉर्नियर मेन इलेक्ट्रॉनिक यूनिट्स, 18 सेट विशेष विमानन उपकरण, 50 सुरक्षा हेलमेट और समुद्री संचालन में इस्तेमाल होने वाली रस्सियां रक्षा सलाहकार कैप्टन श्रवण सरीन ने सेशेल्स रक्षा बल के प्रमुख मेजर जनरल माइकल रोसेट को सौंपीं।"
उच्चायोग के अनुसार, इन उपकरणों की मरम्मत और कैलिब्रेशन भारतीय नौसेना की सुविधाओं में बिना किसी शुल्क के किया गया। इससे सेशेल्स वायुसेना के डोर्नियर विमानों की जांच और मरम्मत का काम तेज और आसान होगा। इन डॉर्नियर विमानों का इस्तेमाल सेशेल्स अपनी विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) की निगरानी, आपातकालीन मरीजों को निकालने (केसवैक) और खोज एवं बचाव (सार) अभियानों के लिए करता है।
उच्चायोग ने कहा कि सुरक्षा उपकरण और समुद्री संचालन से जुड़ी सामग्री सेशेल्स कोस्ट गार्ड के जवानों की सुरक्षा और उनकी संचालन क्षमता को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। भारत और सेशेल्स के बीच हाल के वर्षों में स्वास्थ्य, रक्षा, समुद्री सुरक्षा और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ा है। दोनों देश हिंद महासागर क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
