भारतीय-अमेरिकी नेताओं ने साझा किए थैंक्सगिविंग संदेश, कृतज्ञता और सेवा पर दिया जोर

वाशिंगटन, 27 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में थैंक्सगिविंग के मौके पर भारतीय मूल के नेताओं, लॉमेकर्स और समुदाय के प्रमुख लोगों ने कृतज्ञता, सेवा और अपनत्व के संदेश दिए।
भारतीय-अमेरिकी कांग्रेसवुमन-इलेक्ट पिया डांडिया ने अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए बताया कि कैसे कभी उन्हें थैंक्सगिविंग की मेज पर भारतीय व्यंजन पसंद नहीं आते थे, लेकिन आज वही व्यंजन उनके लिए अमेरिका में कितने अहम हो गए हैं।
फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से चुनी गईं डंडिया ने गुरुवार को लिखा कि उनके बचपन के थैंक्सगिविंग भोजन में टर्की और पारंपरिक पकवानों के साथ-साथ भारतीय व्यंजन भी शामिल होते थे।
उन्होंने अपने कैंपेन अकाउंट पर लिखा, "पहले मुझे इस भोजन में भारतीय व्यंजनों का शामिल होना अच्छा नहीं लगता था, लेकिन अब मेरे लिए ये थैंक्सगिविंग के सबसे बेहतरीन हिस्से को दर्शाते हैं।"
पिया डांडिया के लिए यह इस बात का प्रतीक है कि कोई व्यक्ति अपने परिवार की जड़ों पर गर्व भी कर सकता है और अमेरिका में अपने भविष्य पर भी। उन्होंने लिखा कि उनके माता-पिता जब यहां आए थे, तब वे इस सपने में विश्वास करते थे और आज वह भी उसी में विश्वास करती हैं। उन्होंने अपने गृह राज्य की सेवा करने का अवसर मिलने के लिए आभार व्यक्त किया।
अन्य नेताओं ने उन लोगों पर ध्यान केंद्रित किया, जो परिवार के साथ इकट्ठा होकर भोजन करने के इस त्योहार के दौरान मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।
कैलिफोर्निया के कांग्रेसमैन अमी बेरा ने लोगों से उन परिवारों को याद करने की अपील की, जो भोजन, हीटिंग (घर को गर्म रखने) और रहने की जगह का खर्च उठाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, "मेरी उम्मीद है कि हम दया दिखाएं, एक-दूसरे का ख्याल रखें और एक देश के रूप में एकजुट हों।"
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोरान ममदानी ने उन मेजों का जिक्र किया, जहां भोजन बहुत कम है, उन खाली कुर्सियों की बात की, जहां अब अपने प्रियजन नहीं हैं और उन पड़ोसियों का जिक्र किया, जिन्हें यह भी नहीं पता कि उन्हें भोजन करने के लिए कोई सुरक्षित जगह मिलेगी या नहीं।
उन्होंने लिखा, "यह थैंक्सगिविंग हमें न केवल यह याद दिलाए कि हमारे पास क्या है, बल्कि यह भी कि हम सब मिलकर क्या कुछ बदल सकते हैं।"
कैलिफोर्निया के कांग्रेसमैन रो खन्ना ने सेवा करने का मौका देने के लिए अपने समुदाय को धन्यवाद दिया, जबकि इलिनोइस के कांग्रेसमैन राजा कृष्णमूर्ति ने लोगों से अपने प्रियजनों की कद्र करने और जरूरतमंदों की मदद करने के लिए कहा।
वाशिंगटन की कांग्रेसवुमन प्रमिला जयपाल ने अपने डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करने के लिए आभार व्यक्त किया और लोगों को "खुशी, अच्छा भोजन और आराम" मिलने की शुभकामना दी।
मिशिगन के कांग्रेसमैन थानेदार ने अपने परिवार और प्रियजनों को धन्यवाद दिया और कांग्रेस में सेवा करने का मौका मिलने पर आभार जताया। वर्जीनिया के कांग्रेसमैन सुहास सुब्रमण्यम ने अपनी शुभकामनाओं के साथ परिवार की एक तस्वीर भी साझा की।
एरिजोना के नवनिर्वाचित कांग्रेस सदस्य अमीश शाह, जो राज्य के पहले जिले से चुने गए हैं, ने कहा कि उन्हें खुशी है कि एरिजोना उनका घर है। उन्होंने लोगों को अपने प्रियजनों के साथ एक सार्थक उत्सव मनाने की शुभकामनाएं दीं।
मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर अरुणा मिलर ने उन परिवारों, पड़ोसियों, स्वयंसेवकों और जनसेवकों को धन्यवाद दिया, जो पूरे साल दूसरों की मदद करते हैं।
वर्जीनिया की लेफ्टिनेंट गवर्नर गजाला हाशमी ने उन लोगों के लिए एक संदेश दिया जो छुट्टियों के इस समय में किसी अपने को खोने का दुख मना रहे हैं। उन्होंने लिखा, "जो लोग थैंक्सगिविंग के मौके पर अपने प्रियजनों की कमी महसूस कर रहे हैं, उनके लिए यह दिन सुकून भरा हो और सुखद यादें लेकर आए।"
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने ब्यूरो के कर्मचारियों, कानून प्रवर्तन सहयोगियों, आपातकालीन सेवा कर्मियों और सेना के उन जवानों को धन्यवाद दिया, जो अपने परिवारों से दूर रहकर थैंक्सगिविंग मना रहे हैं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात लोगों का समर्थन करने वाले उनके परिवारों का भी आभार जताया।
अमेरिका की सेकंड लेडी उषा वेंस ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की थैंक्सगिविंग शुभकामनाओं को रीपोस्ट किया। उपराष्ट्रपति ने बताया कि बुधवार को उनके परिवार ने ओहियो के राइट-पैटर्सन एयर फोर्स बेस पर सैनिकों को दोपहर का भोजन परोसा। व्हाइट हाउस ने भी इस कार्यक्रम को दर्ज किया है।
उन्होंने लिखा, "हमारे महान राष्ट्र की सेवा करने वालों के प्रति आभार जताना हमेशा महत्वपूर्ण होता है, खासकर आज के दिन।"
नागरिक अधिकारों के लिए पूर्व असिस्टेंट अटॉर्नी जनरल हरमीत के. ढिल्लों ने थैंक्सगिविंग को अपना पसंदीदा त्योहार बताया। उन्होंने बताया कि वह इसे अपनी मां और उनकी मां के दो कुत्तों के साथ मना रही हैं। खाने की चीजों में नॉर्थ कैरोलिना की 'पीकन पाई' भी शामिल थी।
पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने थैंक्सगिविंग के दौरान खाना पकाने और मेहमानों की मेजबानी करने के बारे में एक वीडियो साझा किया। इसमें उनकी खास डिश और उनके पति द्वारा प्याज काटते समय पहने जाने वाले प्याज से बचाने वाले चश्मे भी दिखे।
वाशिंगटन में भारतीय दूतावास ने थैंक्सगिविंग की शुभकामनाएं दीं, जबकि प्रवासी संगठन इंडियास्पोरा ने अपने सदस्यों, सहयोगियों, योगदानकर्ताओं, स्वयंसेवकों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।
गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने थैंक्सगिविंग की पूर्व संध्या पर 'वन मोर पाई' नाम का एक डेजर्ट-स्टैकिंग गेम पेश किया और खिलाड़ियों को अपना हाई स्कोर तोड़ने की चुनौती दी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
