जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा और सीएम उमर अब्दुल्ला का संदेश, पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान
श्रीनगर, 5 जून (आईएएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। दोनों नेताओं ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ पृथ्वी छोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने संदेश में कहा कि पर्यावरण की रक्षा और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखना मानवता के कल्याण के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हमें धरती माता के संरक्षण और प्रकृति के नाजुक संतुलन को बनाए रखने के लिए फिर से संकल्प लेना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जाने वाले सामूहिक प्रयास ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक बेहतर और स्वस्थ ग्रह सुनिश्चित कर सकते हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से 'एक्स' पर जारी संदेश में कहा गया कि जम्मू-कश्मीर सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इस दिशा में लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने राज्य के नागरिकों से इस सामूहिक अभियान में भागीदारी करने और पर्यावरण बचाने के प्रयासों को मजबूत करने की अपील की।
विश्व पर्यावरण दिवस हर वर्ष 5 जून को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने के लिए प्रेरित करना है। संयुक्त राष्ट्र के इस वैश्विक अभियान में दुनिया भर की सरकारें, गैर-सरकारी संगठन, व्यवसायिक संस्थाएं और आम नागरिक भाग लेते हैं।
पहली बार वर्ष 1973 में आयोजित किया गया विश्व पर्यावरण दिवस समुद्री प्रदूषण, बढ़ती आबादी, ग्लोबल वार्मिंग, सतत विकास और वन्यजीव अपराध जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का एक बड़ा मंच बन चुका है।
हर साल 143 से अधिक देशों की भागीदारी के साथ मनाया जाने वाला यह दिवस पर्यावरण संरक्षण के लिए वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जहां सरकारें, सामाजिक संगठन, समुदाय और विभिन्न क्षेत्रों की प्रसिद्ध हस्तियां पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरूक करती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Jun 2026 11:34 PM IST












