करण टैकर ने फर्जीवाड़े को लेकर लोगों को किया आगाह, बोले-'मेरा मैनेजर बनकर कुछ लोग कर रहे ठगी'
मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। छोटे पर्दे से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक अपनी दमदार पहचान बना चुके अभिनेता करण टैकर ने लोगों को ठगी के एक मामले को लेकर आगाह किया। अभिनेता ने खुलासा किया है कि कुछ लोग उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। वे खुद को उनका मैनेजर बताकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं। करण ने ऐसे किसी भी संदिग्ध संपर्क की तुरंत शिकायत करने की अपील की है।
करण टैकर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा, "नमस्ते, नीचे दिए गए नंबरों का इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति खुद को मेरा मैनेजर बताकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहा है। अगर वे आपसे संपर्क करें तो उन्हें तुरंत ब्लॉक करें और उनकी शिकायत करें। धन्यवाद।"
अपने पोस्ट में करण टैकर ने उन मोबाइल नंबरों की जानकारी भी साझा की, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर ठगी के लिए किया जा रहा है।
करण की इस चेतावनी के बाद उनके फैंस ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। हाल के समय में कई कलाकारों के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे ऐंठने या झूठे वादे करने के मामले सामने आ चुके हैं।
अगर करण टैकर के काम की बात करें तो उनको लोकप्रियता टीवी शो 'एक हजारों में मेरी बहना है' से मिली। इस शो ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई और टीवी जगत के चर्चित कलाकारों में उनकी गिनती होने लगी।
बाद में उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी अलग पहचान बनाई। चर्चित जासूसी सीरीज 'स्पेशल ऑप्स' में उन्होंने एक गुप्त खुफिया अधिकारी की भूमिका निभाई, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया।
इसके बाद वह 'स्पेशल ऑप्स 1.5: द हिम्मत स्टोरी' में भी उसी किरदार में नजर आए। साल 2022 में उन्होंने 'खाकी: द बिहार चैप्टर' में आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा की भूमिका निभाकर खूब सराहना बटोरी। हाल ही में करण टैकर रहस्य और रोमांच से भरपूर सीरीज 'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' में दिखाई दिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 July 2026 4:42 PM IST












