बीएचयू में बिहार के राज्यपाल बोले, शिक्षा में एआई बने सहायक, एनईपी 2020 का चरणबद्ध क्रियान्वयन जरूरी
वाराणसी, 6 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के गवर्नर लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन ने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में 21वीं सदी के लिए शिक्षा सुधारों पर दो दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन किया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को चरणों में लागू करने और शिक्षा में एआई की भूमिका पर जोर दिया।
सैयद अता हसनैन ने कहा, "यह कॉन्फ्रेंस यूनेस्को के साथ आयोजित की जा रही है और यह 'फ्यूचर ऑफ एजुकेशन' पर आधारित है। भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों के आने के साथ, देश की युवा जनसंख्या को देखते हुए इन विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श की आवश्यकता है। सवाल यह है कि क्या वर्तमान शिक्षा नीति के आधार पर हम 'विकसित भारत' के लक्ष्य को प्राप्त कर पाएंगे या नहीं। इस पर यहां चर्चा की जाएगी, खासकर शिक्षा के आधुनिकीकरण पर।"
उन्होंने कहा, "आजकल शिक्षा सोशल मीडिया के माध्यम से भी फैल रही है, इसलिए इसे आगे किस तरह प्रभावी बनाया जाए और युवा जनसंख्या को रोजगार योग्य कैसे बनाया जाए, इस पर भी ध्यान दिया जा रहा है।"
वहीं, एआई के ह्यूमन बीइंग्स को रिप्लेस करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह संभवतः 100 साल बाद हो सकता है, लेकिन अभी हमारी कोशिश यह होनी चाहिए कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को एक सहायक के रूप में विकसित किया जाए। इसे शिक्षा का मुख्य माध्यम नहीं बनाना चाहिए। यह केवल एक सहयोगी उपकरण के रूप में काम करे, न कि मानवों को प्रतिस्थापित करने वाली तकनीक के रूप में। इसी तरीके से हम इसका सही और प्रभावी उपयोग कर सकते हैं और तकनीकी प्रगति का लाभ उठा सकते हैं।
इस बीच सैयद अता हसनैन ने नई शिक्षा नीति पर भी बात की। उन्होंने कहा, "नई शिक्षा नीति लागू की गई है। इसे रातों-रात लागू नहीं किया जा सकता, यह एक प्रगतिशील प्रक्रिया है। इसे उत्तर प्रदेश और बिहार में भी लागू किया जा रहा है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में इसे एक मॉडल के रूप में लागू किया जा रहा है, जहां इसे रचनात्मक तरीके से अपनाया जा रहा है। इस नीति में कई पहलू शामिल हैं, इसलिए इसे पूरी तरह समझने और प्रभावी रूप से लागू करने में समय लगेगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 July 2026 4:42 PM IST












