- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- ओबीसी के नाम पर पद लेने वाले भाजपा...
ओबीसी के नाम पर पद लेने वाले भाजपा नेताओं को प्रफुल गुडधे का पत्रास्त्र, 82 नेताओं से मांगा जवाब

Nagpur News. कांग्रेस के शहर अध्यक्ष प्रफुल गुडधे ने भाजपा पर ओबीसी समाज के मुद्दों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई नेता खुद को ओबीसी समाज का हितैषी बताते हैं, लेकिन जब ओबीसी की जातिगत जनगणना की बात आती है तो वे चुप्पी साध लेते हैं। ओबीसी समाज के नाम पर पद हासिल करना और उसके मूल मुद्दों पर कोई स्पष्ट रुख न अपनाना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़े -मुंबई की बारिश ने रोकी विधायकों की उड़ान, बावनकुले- ठाकरे- दटके समेत कई जनप्रतिनिधियों का दौरा टला
सोमवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में गुडधे ने बताया कि उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता व राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले सहित भाजपा के 82 ओबीसी नेता, मंत्री, विधायक और पूर्व पार्षदों को पत्र भेजकर ओबीसी जातिगत जनगणना पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। इस अभियान के तहत पहला पत्र सोमवार को जीपीओ से बावनकुले को भेजा गया।
यह भी पढ़े -ऑर्गेनिक घास खाने वाली गाय के दूध की चाय पीने की आदत, मंत्री आशीष जयस्वाल बोले - मैं मुंबई में चाय नहीं पीता
दावों पर सवाल
गुडधे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता अक्सर पार्टी को ओबीसी समर्थक बताते हैं और मुख्यमंत्री फडणवीस भी कई बार कह चुके हैं कि उनका "डीएनए ओबीसी का है"। यदि यह दावा सही है तो फिर जनगणना में ओबीसी की अलग से गणना क्यों नहीं कराई जा रही है? देश के सामने यह जानकारी क्यों नहीं लाई जा रही कि ओबीसी परिवारों की संख्या कितनी है और उनकी सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक तथा राजनीतिक स्थिति क्या है? उन्होंने कहा कि जनगणना के दूसरे चरण में वास्तव में जातिगत गणना होगी या नहीं, इसे लेकर जनता के मन में संदेह बना हुआ है। ऐसे में भाजपा के ओबीसी नेताओं को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।
सीएम पद के लिए बावनकुले के नाम की चर्चा
गुडधे ने कहा कि भाजपा में अक्सर यह चर्चा होती है कि बावनकुले भविष्य में मुख्यमंत्री बन सकते हैं। कांग्रेस उनकी प्रगति की शुभकामनाएं देती है, लेकिन यदि कोई ओबीसी नेता शीर्ष पद तक पहुंचना चाहता है तो उसे समाज के हितों के लिए भी स्पष्ट और ठोस रुख अपनाना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के 82 प्रमुख बहुजन जनप्रतिनिधियों और पूर्व नगरसेवकों को भेजे गए पत्रों का जवाब 15 दिनों के भीतर मांगा गया है। यदि जवाब नहीं मिला तो उन्हें स्मरण पत्र भेजा जाएगा। इसके बाद भी यदि नेताओं ने अपना रुख स्पष्ट नहीं किया तो ओबीसी समाज के नाम पर वोट मांगने वाले इन नेताओं को जनता के सामने बेनकाब किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे, प्रदेश महासचिव संदेश सिंगलकर सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।
Created On :   6 July 2026 7:04 PM IST









