मुंबई में कहर बनकर टूटी बारिश: मानखुर्द इलाके में चॉल का हिस्सा ढहा, 6 लोगों की मौत, 1 घायल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रविवार देर रात भारी बारिश के चलते दर्दनाक हादसा हो गया। मानखुर्द इलाके में एक चॉल का हिस्सा ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दुर्घटना रविवार रात लगभग 8।30 बजे की बताई जा रही है। जब हनुमान मंदिर के पीछे जनता नगर इलाके में बेसमेंट समेत तीन मंजिला (G+3) चॉल बिल्डिंग का हिस्सा गिर गया। घटनास्थल पर एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है।
मानखुर्द इलाके में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चॉल नंबर 5 के दो से तीन घरों का हिस्सा गिर गया है, घटनास्थल पर अग्निशमन दल, पुलिस, संबंधित विभाग के कर्मचारी और 108 एम्बुलेंस सेवा पहुंच चुकी है। इसके बाद से ही सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना के फौरन बाद मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड, बीएमसी वार्ड स्टाफ और एंबुलेंस मौके पर पहुंचे। इसके बाद घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। वहीं, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक तेजी से गिरा। इसके बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल, मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है। वहीं, हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
यह भी पढ़े -मुंबई भारी बारिश के बीच रेलवे की लोकल सेवाएं रहीं सही, सीपीआरओ ने बताया- तैयारी से बेहतर परिणाम मिला
महाराष्ट्र में तेज बारिश का दौरा जारी
बता दें, बीते कुछ दिनों से मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। आए दिन बारिश के चलते पेड़ गिरने या अन्य कारणों से लोगों की मौत से जुड़ी खबरें सामने आ रही हैं। इस सिलसिले में रविवार शाम को भीषण बारिश के कारण एक बिल्डिंग का स्लैब गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यहां तेज बारिश के बीच इमारत गिर गई और कई लोग मलबे की चपेट में आ गए। शताब्दी हॉस्पिटल के डॉक्टर पटेल के अनुसार, लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। इन सभी को मृत घोषित कर दिया गया है। इनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। इस घटना में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है और 1 व्यक्ति घायल है
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। वहीं बारिश से हुई अन्य घटना में एक 11 वर्षीय छात्र की पेड़ गिरने की घटना में मौत हुई। इसके साथ ही एक व्यक्ति की खुले मैनहोल में गिरने से जान गई थी। इसके अलावा पेड़ गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो और लोगों की जान गई।
Created On :   6 July 2026 12:07 AM IST







