सरकार का मिशन दतिया: 650 करोड़ के प्रोजेक्ट मंजूर, उपचुनाव का ऐलान होने के पहले ही कुछ महीनों में कई बड़े कामों को हरी झंडी

650 करोड़ के प्रोजेक्ट मंजूर, उपचुनाव का ऐलान होने के पहले ही कुछ महीनों में कई बड़े कामों को हरी झंडी
दतिया उपचुनाव में 291 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा, जिनमें 105 शहरी एवं 186 ग्रामीण पोलिंग बूथ

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव का नोटिफिकेशन 6 जुलाई को जारी होगा। चुनाव आयोग की ओर से तारीखों के ऐलान के साथ ही आचार संहिता शुरु हो गई है। अब सरकार या सरकारी मद से होने वाले काम-काज पर विराम लग गया। लेकिन क्या आपको पता हैं उपचुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही सरकार दतिया में कितने करोड़ों का काम करा चुकी है। आपको बता दें पिछले कुछ महीनों में सरकार की ओर से सैकड़ों करोड़ों रूपए के काम पहले ही कराए जा चुके है। कुछ चल रहे है, कुछ आचार संहिता के बाद फिर से शुरु हो सकते है। इन कामों और करोंडों रूपए की राशि खर्च होने से समझ सकते है कि सरकार पहले से ही उपचुनाव कराने के मूड़ में थी, उसने पहले से ही इसकी तैयारी कर ली थी, या सरकार को उपचुनाव की भनक लग चुकी थी।

दो महीने पहले मध्यप्रदेश सरकार ने दतिया में 529 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। कुछ का शिलान्यास हो गया है, कुछ प्रोजेक्ट पर अभी भी काम चल रहा हैं। सरकार ने दतिया में आयोजित किसान सम्मेलन में 62.23 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी। सरकार ने बड़ौनी में सीएम राइज सांदीपनि स्कूल के निर्माण में 40 करोड़ रूपए का भूमिपूजन कुछ ही महीने पहले किया था।

दतिया में सड़कों के उन्नयन से लेकर नाली निर्माण , पेयजल व्यवस्था के साथ साथ विकास कार्यों में सरकारी पैसे का इस्तेमाल चुनाव को देखते हुए तेजी से किया गया। अनुसूचित जाति बस्ती विकास के तहत सीसी रोड एवं नाली का निर्माण ,कई सामुदायिक भवनों को लोकार्पण , तालाब जीर्णोद्वार जैसे कार्य बीते कुछ महीनों में हुए है, गर्मियों में जलापूर्ति व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पाइपलाइन मरम्मत तथा पेयजल उपलब्धता बढ़ाने के लिए पीएचई विभाग की ओर से करोड़ों के कार्य हुए , कुछ पर अभी भी काम चल रहा हैं। आधारभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में सेवा -सुविधाओं के लिए और सरकारी स्कूलों में मरम्मत से लेकर कई अत्याधुनिक तकनीकी सामग्री उपलब्ध कराने में करोड़ों रूप सरकार की ओर से खर्च किए गए। कुछ कार्य अभी भी पेंडिंग में हैं। बीते तीन -चार महीनों में सरकारी मद से करीब 650 करोड़ रूपए के कार्य दतिया में किए जा चुके है। इनमें से कुछ पर अभी भी काम जारी है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। जिला प्रशासन निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी निर्वाचन कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

• राजपत्र में प्रकाशन – 6 जुलाई 2026

• नामांकन की अंतिम तिथि – 13 जुलाई 2026

• नामांकन पत्रों की जांच – 14 जुलाई 2026

• नाम वापसी की अंतिम तिथि – 16 जुलाई 2026

• मतदान – 30 जुलाई 2026

• मतगणना – 3 अगस्त 2026

• निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण – 4 अगस्त 2026

आपको बता दें दतिया उपचुनाव में 105 शहरी एवं 186 ग्रामीण, कुल 291 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए भी प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की जा रही है। दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक एवं महिला मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सभी पोलिंग बूथ पर आयोग के निर्देश अनुसार पेयजल, शौचालय, रैंप, प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। चुनावी प्रशासन ने एफएसटी, एसएसटी, वीएसटी, चेक पोस्ट एवं अन्य निगरानी दल सक्रिय कर दिए हैं। अवैध नगदी, शराब, हथियार एवं वोटर्स को प्रभावित करने वाली किसी भी सामग्री पर प्रशासन की ओर से सतत निगरानी रखी जा रही है, साथ ही नियम तोड़ने पर प्रशासन की ओर से नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की बात की जा रही है।

Created On :   5 July 2026 3:57 PM IST

Tags

Next Story