Bihar News: लालू प्रसाद यादव ने आरजेडी के 30वें स्थापना दिवस पर जनता के नाम किया संदेश, कहा- 'आज कोई साधारण दिन नहीं...'

डिजिटल डेस्क, पटना। राष्ट्रीय जनता दल आज अपना 30वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर ही बिहार के सभी 38 जिला मुख्यालयों और पटना में स्थित अपनी पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम रखे गए हैं। पार्टी की शुरुआत 5 जुलाई 1997 को हुई थी। स्थापना दिवस पर आरजेडी के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बिहार की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक खास संदेश जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लिखा है कि ये दिन पार्टी के लिए बहुत ही खास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने, लोगों के बीच लगातार काम करने और जनता के अधिकारों के लिए पूरी ताकत से आगे बढ़ने की अपील की है।
लालू ने क्या कहा?
लालू प्रसाद यादव ने कहा कि RJD की शुरुआत गरीब, पिछड़े, दलित, शोषित और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की आवाज उठाने के लिए हुई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, बराबरी, रोजगार और सभी लोगों के विकास के लिए काम करती रहेगी। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। साथ ही लालू यादव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता जनता के बीच रहें और उनके हक की लड़ाई मजबूती से लड़ें। छोटे-छोटे मतभेद भूलकर सभी को एक साथ काम करना चाहिए। उनके अनुसार संविधान, लोकतंत्र और लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहना बहुत जरूरी है।
यह भी पढ़े -'अमेरिका जीत रहा है', ट्रंप ने आजादी के 250 साल पूरे होने पर सैन्य शक्ति और आर्थिक फायदों की सराहना की
BJP पर लगाया आरोप
अपने संदेश में लालू यादव ने BJP पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है। RJD केवल चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाने वाला संगठन है। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आने वाले समय के लिए तैयार रहने की बात कही है।
Created On :   5 July 2026 1:29 PM IST






