संसद समाचार: 20 जुलाई से शुरु होगा मॉनसून सत्र, 13 अगस्त तक चलेगा, चर्चा में रहेगा परिसीमन और पेपरलीक का मुद्दा

20 जुलाई से शुरु होगा मॉनसून सत्र, 13 अगस्त तक चलेगा, चर्चा में रहेगा परिसीमन और पेपरलीक का मुद्दा
सत्र में विपक्षी दलों में हुई बगावत का असर देखने को मिल सकता है, कांग्रेस उठा सकती है नीट और महंगाई का मुद्दा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरु होगा और 13 अगस्त चलेगा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी दी। इस बार का मॉनसून सत्र पश्चिम बंगाल और असम, केरल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद हो रहा है। इन राज्यों के चुनावी नतीजों का असर इस बार सदन में देखने को मिल सकता है।

किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए बताया भारत सरकार की सिफारिश पर, माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों को मानसून सत्र 2026 के लिए बुलाने की मंजूरी दे दी है। यह सत्र 20 जुलाई, 2026 से शुरू होगा और 13 अगस्त, 2026 तक चलेगा, जिसमें राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सार्थक बहस, चर्चा और निर्णय लिए जाएंगे।

मॉनसून सत्र में केंद्र सरकार अप्रैल में गिरे महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े 131 वां संविधान संशोधन बिल को फिर से ला सकती है। मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार 30 दिन से ज्यादा जेल पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मिनिस्टर की कुर्सी छीनने वाला 130 वां संविधान संशोधन विधेयक लाया जा सकता है। दोनों सदनों की संयुक्त कमेटी इसमें कुछ महत्वपूर्ण संशोधनों का सुझाव और सलाह दे सकती है, कानून के दुरुपयोग पर भी सवाल उठ सकते है। इसके साथ सरकार वन नेशन वन इलेक्शन बिल को भी पेश कर सकती है।

मॉनसून सत्र में 20 बैठकें होती हैं और ये चार हफ्ते तक चलती हैं, लेकिन इस बार का मॉनसून सत्र पहले से छोटा होने की उम्मीद है। सदन के मॉनसून सत्र में कुछ विपक्षी दलों में हुई बगावत का असर भी देखने को मिलेगा। TMC के 20 और शिवसेना (UBT) के 6 सांसदों की अलग गुट के तौर पर मान्यता की मांग पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के डिसीजन के इंतजार में है।

संसद के मॉनसून सत्र को लेकर कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा सबसे बड़ा मुद्दा NEET का है। दूसरा मुद्दा देश में महंगाई का है। ये बड़े मुद्दे हैं। हम चाहेंगे कि सरकार चर्चा करें लेकिन सरकार चर्चा से भागेगी ये हमें पता है। सरकार चर्चा नहीं कराना चाहती है। सरकार लीक है और वीक है।

Created On :   4 July 2026 7:57 PM IST

Tags

Next Story