West Bengal Politics: TMC ऑफिस पर बागी गुट ने किया कब्जा! BJP ने ली चुटकी, कहा - तृणमूल बंगाल में इतिहास हुई, सिर्फ भतीजा उनके साथ

TMC ऑफिस पर बागी गुट ने किया कब्जा! BJP ने ली चुटकी, कहा - तृणमूल बंगाल में इतिहास हुई, सिर्फ भतीजा उनके साथ
पश्चिम बंगाल में इस साल हुए विधानसभ चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी की टीएमसी में फूट पड़ गई है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पश्चिम बंगाल में इस साल हुए विधानसभ चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी की टीएमसी में फूट पड़ गई है। इसके बाद टीएमसी के बागी गुट ने खुद को औपचारिक रूप से असली टीएमसी का दर्जा दिया है। वहीं, चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों से पूछा कि कौन असली टीएमसी है।

टीएमसी दफ्तर पर बागी गुट ने किया कब्जा

वहीं, अब खबर है कि बागी विधायक गुट ने पार्टी के दफ्तर पर कब्जा कर लिया है। बागी गुट के नेता और पश्चिम बंगाल में नेता विपक्ष रितब्रता बनर्जी समेत 60 विधायक तृणमूल कांग्रेस के हेडक्वार्टर पहुंचे और वहां पांच मिनट तक मीटिंग भी की। फिर बाहर निकलकर गेट पर ताला लटका दिया।

बागी गुट ने दावा किया है कि हम असली टीएमसी हैं। दफ्तर पर हमारा अधिकार है। इसके बाद ममता बनर्जी समर्थक टीएमसी नेता कुणाल घोष के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय पहुंचे। जहां लगातार हंगामे की खबर है।

बीजेपी ने टीएमसी की फूट पर ली चुटकी

इससे एक दिन पहले TMC विधायक संदीपन साहा ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा था कि पूर्व नेतृत्व जनता और जमीनी कार्यकर्ताओं से कट गया था, जिससे समस्याएं पैदा हुईं। पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन नहीं हो रहा था। हम चाहते हैं कि पार्टी अपनी विचारधारा के अनुरूप लोकतांत्रिक तरीके से चले, जहां हर सदस्य को अपनी बात रखने का अवसर मिले। सभी की राय सुनने और चर्चा के बाद सामूहिक रूप से निर्णय लिया जाए। यही हमारी इच्छा और उद्देश्य है।

इस पूरे घटनाक्रम पर अब बीजेपी का भी बयान सामने आया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने टीएमसी में चल रहे अंदरूनी मतभेद पर कहा, 'तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में एक इतिहास बन गई है। ममता बनर्जी को सांसद छोड़ गए। विधायक छोड़ गए। कार्यकर्ता छोड़ गए। पंचायत ब्लॉक के जो उनके पंचायत समिति के मेंबर थे, वे भी छोड़ गए, मेयर छोड़ गए। सिर्फ उनका भतीजा ही उनके साथ है। तृणमूल कांग्रेस का तो बहुमत उनके खिलाफ है। ममता बनर्जी अब अल्पमत में रह गई हैं। अब यह चुनाव आयोग को तय करना है कि कौन-सी पार्टी है और उसके नेता कौन है।'

Created On :   4 July 2026 1:15 AM IST

Tags

Next Story