MP News: कांग्रेस नेता राकेश यादव का इस्तीफा, जीतू पटवारी पर लगाए गंभीर आरोप

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता राकेश यादव ने इस्तीफा देकर जीतू पटवारी पर गंभीर आरोप लगाए है। इसे लेकर बीजेपी प्रवक्ता आशीष ऊषा अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे लेकर लिखा है, कांग्रेस नेतृत्व की नाकामी का एक और प्रमाण सामने आया है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता राकेश यादव का अपनी ही पार्टी पर सार्वजनिक हमला इस बात का स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस नेतृत्व, नीति और नीयत—तीनों के गंभीर संकट से घिरी हुई है। यह किसी एक नेता की नाराजगी नहीं, बल्कि संगठन के भीतर गहराते असंतोष और शीर्ष नेतृत्व पर घटते भरोसे का आईना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी झूठ का झुनझुना बजाने की बजाय पहले अपनी पार्टी की बिखरती हुई हालत संभालें। कांग्रेस की असलियत अब विपक्ष नहीं, उसके अपने नेता ही उजागर कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता राकेश यादव पार्टी पार्टी से बाहर
मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश सिंह यादव ने करीब 30 साल तक पार्टी से जुड़े रहने के बाद इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेजा। इस्तीफे में राकेश सिंह यादव ने प्रदेश नेतृत्व की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि संगठन में समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है, फैसले एकतरफा लिए जा रहे हैं और पार्टी की कार्यशैली से वे लंबे समय से असंतुष्ट थे। उन्होंने मीडिया डिबेट के बहिष्कार जैसे निर्णयों पर भी नाराजगी जताई। उधर, इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पार्टी विरोधी और अनुशासनहीनता संबंधी कार्य किए जाने को लेकर राकेश यादव की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी है। और उन्हें कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
Created On :   3 July 2026 6:31 PM IST




