राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर सियासी उबाल: कांग्रेस ने PM मोदी की चुप्पी पर साधा निशाना, केसी वेणुगोपाल ने लिखा पत्र, SIT गठन को लेकर उठाए सवाल

कांग्रेस ने PM मोदी की चुप्पी पर साधा निशाना, केसी वेणुगोपाल ने लिखा पत्र, SIT गठन को लेकर उठाए सवाल
अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी मामले पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। इस मामले पर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी मामले पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। इस मामले पर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस ने मामले में पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इतने बड़े घोटाले पर पीएम की चुप्पी भाजपा के दोहरे रवैये को साफ उजागर करती है। इस सिलसिले में कांग्रेस ने गुरुवार को कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर पत्र लिखा है।

केसी वेणुगोपाल ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

न्यूज एजेंसी एएनआई के बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, "इस मामले में कार्रवाई करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नैतिक जिम्मेदारी है। राम मंदिर का मुद्दा उन सबसे प्रमुख कारणों में से एक था, जिसकी वजह से वह देश के प्रधानमंत्री बने। आज इतना बड़ा घोटाला हो गया और उन्होंने चुप्पी साध रखी है। इससे भाजपा का दोहरा रवैया साफ-साफ उजागर होता है। वे राजनीतिक लाभ के लिए भगवान का इस्तेमाल कर रहे हैं।"

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर योगी सरकार को घेरा

वहीं, केसी वेणुगोपाल ने राम मंदिर चोरी मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी को निशाने पर लिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी हमला बोला। कांग्रेस नेता ने सीएम योगी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "अयोध्या के सबसे बड़े मंदिर में चोरी हुई है। मंदिर ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने किया है। अब मुख्यमंत्री की तथाकथित एसआईटी इसकी जांच कर रही है, लेकिन वह निष्पक्ष और ईमानदारी से जांच नहीं कर सकती है। यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि इस चंदा चोरी मामले में बड़े लोगों को जांच के दायरे से बाहर रखा गया है।"

कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता ने कहा, "चोरी के बाद जो लोग इस मामले पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हीं की आलोचना की जा रही है। इसका मतलब है कि आप उन लोगों को बचा रहे हैं, जिन्होंने चोरी की है। इस मामले में पूरी तरह से निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जिसकी निगरानी सुप्रीम कोर्ट करे। सीबीआई सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में इस मामले की जांच करे।"

Created On :   3 July 2026 1:09 AM IST

Tags

Next Story