MP News: दतिया में विधानसभा उपचुनाव की चुनाव आयोग ने की घोषणा, 30 जुलाई को होगा मतदान

दतिया में विधानसभा उपचुनाव की चुनाव आयोग ने की घोषणा, 30 जुलाई को होगा मतदान
कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के अयोग्य होने के बाद रिक्त हुई दतिया विधानसभा सीट

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय निर्वाचन आयोग ने मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव की घोषणा कर दी है। ये विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के अयोग्य होने के बाद रिक्त हुई, जिस पर ईसी ने अब उपचुनाव की घोषणा की है। ईसी ने तीन अलग अलग राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। इनमें बिहार की बांकीपुर , मध्यप्रदेश की दतिया, गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट शामिल है, तीनों ही सीटों पर 30 जुलाई को वोटिंग होगी।

भारतीय चुनाव आयोग ने उपचुनाव का शेड्यूल जारी किया है, जिसके अनुसार 6 जुलाई को गजट नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, नामांकन की अंतिम तारीख 13 जुलाई हैं, प्रत्याशियों के नामांकन की जांच 14 जुलाई को होगी। जबकि 16 जुलाई तक प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकता है। उसके बाद मतदान की तारीख 30 जुलाई है। जबकि मतगणना की तारीख 3 अगस्त है।

कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा को 7 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था। कांग्रेस कैंडिडेंट भारती को कुल 88,977 वोट मिले, जबकि बीजेपी उम्मीदवार मिश्रा के पक्ष में 81,235 लोगों ने मतदान किया। इसी साल एक फर्जीवाड़े केस में कोर्ट ने राजेंद्र भारती को दोषी ठहराते हुए तीन साल की सजा सुनाई, जिसके बाद उन्हें दतिया सीट से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। नितिन नबीन ने राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था।

जबकि गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट विधायक योगेश नारायणदास पटेल के निधन के बाद खाली हुई थी। 2022 के चुनाव में योगेश पटेल ने बीजेपी के टिकट पर जीत हासिल की थी। पिछले महीने 79 साल की उम्र में उनका निधन हुआ था। चुनाव आयोग ने तीनों सीटों के उपचुनाव में ईवीएम और वीवीपैट से कराने का फैसला लिया है।

Created On :   2 July 2026 1:54 PM IST

Tags

Next Story