MP News: मां पीतांबरा पीठ के दर्शन करने दतिया पहुंचे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, वीआईपी मूवमेंट के चलते परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

डिजिटल डेस्क, भोपाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अल्प प्रवास पर मध्यप्रदेश के दतिया में विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पीतांबरा पीठ करने पहुंचे। सीएम योगी ने सबसे पहले मां बगलामुखी देवी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद परिसर में स्थित प्राचीन वनखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। योगी ने पीठ के आचार्यों से आशीर्वाद लिया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से उन्हें मां की चुनरी और प्रसाद भेंट किया गया। योगी ने दतिया दौरे और दर्शन के दौरान मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी।
यह भी पढ़े -मध्य प्रदेश के इस शहर में हो रही फिल्म 'शक्ति शालिनी' की शूटिंग, अनीत पड्डा का लुक भी आया सामने, वायरल हुआ वीडियो
वीआईपी मूवमेंट के चलते ही मंदिर परिसर में पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। इससे पहले सीएम योगी के आगमन को लेकर प्रशासन सुबह से ही अलर्ट मोड पर था। सुबह सीएम का हेलिकॉप्टर दतिया एयरपोर्ट पर उतरा, जहां पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी अगवानी की। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ योगी का स्वागत किया।
यूपी सीएम के आगमन से करीब एक घंटे पहले ही मंदिर में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश को रोक दिया था। वीआईपी मूवमेंट की वजह से मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर दी थी। इस दौरान श्रद्धालुओं को बाहर इंतजार करना पड़ा। यूपी सीएम योगी के जाने के बाद श्रद्धालु फिर से मां के दर्शनों के लिए उमड़ पड़ी।
यह भी पढ़े -ग्रामीण बैंक घोटाले में कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारत को 3 साल की सजा, अपील के लिए मिला एक महीना
दर्शन के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि मुख्यमंत्री योगी मीडिया से संक्षिप्त चर्चा करेंगे। लेकिन सुरक्षा घेरे के बीच योगी बिना रुके सीधे अपनी गाड़ी में बैठे और एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मीडियाकर्मियों को उनसे दूर ही रखा गया। अचानक रवाना होने से स्थानीय संगठन और कार्यकर्ताओं में भी मायूसी दिखी। योगी के दौरे को लेकर दतिया पुलिस-प्रशासन तीन दिन से तैयारी में जुटा था।
Created On :   20 Jun 2026 3:39 PM IST






