Pawanraje Nimbalkar Case: मुंबई के चर्चित हत्याकांड में कोर्ट का बड़ा फैसला, डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के भाई सहित सब आरोपी बरी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। करीब दो दशक से चर्चा में रहे पवनराजे निंबालकर हत्याकांड में आखिरकार अदालत का फैसला आ गया है। मुंबई की विशेष सीबीआई कोर्ट ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. पद्मसिंह पाटिल समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया। साल 2006 में हुई इस वारदात में कांग्रेस नेता पवनराजे निंबालकर और उनके ड्राइवर समद काजी की हत्या कर दी गई थी। मामला लंबे समय तक जांच और सुनवाई के दौर से गुजरा। फैसले के दिन अदालत परिसर में दोनों पक्षों के समर्थकों की मौजूदगी रही। पवनराजे के बेटे और शिवसेना (यूबीटी) सांसद ओमराजे निंबालकर भी कोर्ट पहुंचे थे। लंबे इंतजार के बाद आए इस फैसले ने एक पुराने और चर्चित मामले को नया मोड़ दे दिया है।
यह भी पढ़े -शिवसेना यूबीटी में मची तोड़फोड़ को लेकर नेताओं का एक दूसरे पर निशाना, मान सम्मान से लेकर बेईमान, नेताओं पर आए बयान
सभी आरोपियों को मिली राहत
कोर्ट ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के भाई डॉ. पद्मसिंह पाटिल सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ लगे आरोपों को साबित नहीं माना। इसके बाद सभी 9 लोगों को बरी कर दिया गया। इनमें सतीश मांडाडे, दिनेश तिवारी, कैलाश यादव, परसमल जैन, मोहन शुक्ला, छोटू पांडे और पिंटू सिंह समेत अन्य आरोपी शामिल हैं।
रास्ते में रोकी गई थी कार
आपको बता दें कि, 3 जून 2006 को नवी मुंबई के कलंबोली इलाके में पवनराजे निंबालकर अपनी कार से लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रुकवाई। बातचीत के बहाने गाड़ी का शीशा खुलवाया गया और फिर गोलियां चलाई गईं। इस हमले में निंबालकर और उनके ड्राइवर समद काजी की मौत हो गई थी।
बेटे ने लगातार लड़ी कानूनी लड़ाई
घटना के बाद मामला अदालत पहुंचा और वर्षों तक सुनवाई चलती रही। इस दौरान ओमराजे निंबालकर लगातार न्याय की लड़ाई लड़ते रहे। फैसले वाले दिन भी वह अपने परिवार के साथ कोर्ट में मौजूद रहे।
Created On :   20 Jun 2026 2:52 PM IST










