ऑपरेशन सिंदूर: कांग्रेस ने अध्यक्ष को सौंपा रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव, अब सदन प्रमुख के हाथ में है आगे क्या करना है?

डिजिटल डेस्क, भोपाल। संसद में रक्षा मंत्री के ऑपरेशन सिंदूर पर दिए बयान को लेकर कांग्रेस उनके खिलाफ विशेषाधिकार लाई है। इसके संबंध में कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा ऑपरेशन सिंदूर पर रक्षा मंत्री के बयान को लेकर उनके खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव पहले ही अध्यक्ष को सौंपा जा चुका है। अब आगे क्या करना है, यह तय करना अध्यक्ष का काम है।
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस की ओर से विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने के बयान पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच एक दूसरे पर सियासी तीर छोड़े जा रहे है। एनडीए और इंडिया गुट के नेताओं एक दूसरे से सवाल कर रहे है।
विपक्षी गुट इंडिया में शामिल महाराष्ट्र में सपा के प्रदेशाध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने पर कहा भाजपा झूठ बोलती है और मनमानी करती है। पहले उन्होंने दावा किया था कि कोई शहीद नहीं हुआ, लेकिन अब वे कह रहे हैं कि शहीद हुए थे। सदन में सच बोला जाना चाहिए। विशेषाधिकार प्रस्ताव लाना सही कदम है।
बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने बीते दिन कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल के कांग्रेस द्वारा विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने वाले बयान पर कहा कांग्रेस बेवजह विषयों को बढ़ाना चाहती है। सही समय पर सरकार सही जानकारी देती है और उचित समय पर सरकार ने जानकारी दी है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर देश को गर्व करना चाहिए लेकिन के.सी. वेणुगोपाल और कांग्रेस पार्टी इस पर सवाल खड़े करते रहते हैं, ये दुर्भाग्यपूर्ण है।
बिहार में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा के.सी. वेणुगोपाल क्या बोलते हैं, उनके नेता राहुल गांधी क्या कहते हैं या ममता बनर्जी क्या कहती हैं, उनकी बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता है। उनका सूपड़ा साफ हो रहा है। सुर्खियों में बने रहने के लिए वे कुछ-कुछ बयान देते रहते हैं।
आरजेडी नेता मनोज झा का कहना है कि चिंता की बात यह है कि युद्ध में शहादत होना एक ऐसी बात है जिसका सम्मान होना चाहिए। अगर उस पर सन्नाटा पसरा दिया जाए तो दुख होता है, राजनाथ सिंह उस दौर के नेता हैं जिनकी बातों में गंभीरता हुआ करती थी और मैं चाहूंगा कि रक्षा मंत्री इस बात को समझें कि जो उन्होंने सदन में कहा वह 'भ्रामक' की श्रेणी में आएगा।
Created On :   2 July 2026 5:18 PM IST






