Bankipur By-Poll: राजनीति के फ्लॉप हीरो करेंगे जोर-आजमाइश, प्रशांत किशोर के उपचुनाव लड़ने पर JDU ने कसा तंज

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के बांकीपुर सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है। इस सीट पर जन सुराज पार्टी के चीफ प्रशांत किशोर अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। खबर है कि 5 जुलाई (रविवार) को औपचारिक रूप से नाम का ऐलान हो सकता है। इसी बीच उनके चुनाव लड़ने की खबरों के बीच जेडीयू पार्टी के नेता नीरज कुमार ने उन पर तंज कसा है।
नीरज कुमार ने कहा, "राजनीति के फ्लॉप हीरो प्रशांत किशोर जी जोर-आजमाइश कर रहे हैं लेकिन अभी तक हिम्मत नहीं हो रही है बोलने की कि मैं चुनाव लड़ूंगा। प्रशांत किशोर के पास अब खोने के लिए क्या बचा है? जब जेपी गंगा पथ से तंबू उखड़ ही गया। बिहटा पहुंच ही गए, तो लड़ लीजिए। तब तक बिहटा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी बन जाएगा तो निकल पड़िएगा। आपको तो केवल बयान देना है। तो कौन उम्मीदवार होगा प्रशांत किशोर खुलकर बताएं।"
'बड़े व्यावसायिक हो सकते हैं, नेता नहीं'
बांकीपुर से प्रशांत किशोर के लड़ने के सवाल पर बीजेपी की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। पार्टी के नेता और मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा, "प्रशांत किशोर की जमानत जब्त होगी, वे बड़े व्यावसायिक हो सकते हैं नेता नहीं हो सकते।"
प्रशांत किशोर के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव लड़ने की अटकलों पर आरजेडी ने कहा, "लोकतंत्र है, लोकतंत्र में हर राजनीतिक पार्टी, जो आज पार्टी बनी है, उसको भी अधिकार है, और जो कल पार्टी बनी है, उसको भी अधिकार है। बहुत सारी पार्टियां बनती हैं। लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अवसर होता है। बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, "हर पार्टी अपने-अपने हिसाब से तैयारी करती है। हम भी अपने हिसाब से जो भी उचित होगा, नेतृत्व जो चाहेगा वैसी तैयारी करेंगे।"
Created On :   4 July 2026 12:08 AM IST





