कथित चंदा चोरी केस: क्या कुछ लोग भगवान राम में आस्था को कमजोर कर रहे हैं? सवाल के जवाब में आरएसएस चीफ ने सिर्फ कहा 'राम -राम'

क्या कुछ लोग भगवान राम में आस्था को कमजोर कर रहे हैं? सवाल के जवाब में आरएसएस चीफ ने सिर्फ कहा राम -राम
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने आरएसएस नेताओं को लेकर कहा संघ को नहीं लगता था कि ये क्या हो रहा है? घर-घर में चर्चा होने लगी तब संघ के नेता बयान और वीडियो जारी कर रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। उत्तरप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राम मंदिर चंदा चोरी मामला गरमाया हुआ है। महाराष्ट्र के नागुपर में जब मीडिया ने आरएसएस चीफ मोहन भागवत से पूछा गया कि कुछ लोग भगवान श्री राम में आस्था को कमजोर कर रहे हैं, इस पर उन्होंने मीडिया से सिर्फ राम-राम कहा, और निकल लिए।

इससे पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने RSS महासचिव दत्तात्रेय होसबोले के बयान पर न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा इतने दिन बीत जाने के बाद अब ये कुंभकर्णी नींद से उठे हैं। ये प्रकरण अब पुराना हो गया है, लोग लगातार बोल रहे हैं। उसमें संघ नहीं जागा? उस समय संघ को नहीं लगता था कि ये क्या हो रहा है? अब जब घर-घर में चर्चा हो गई की ये चढ़ावा चोर हैं तब ये बयान और वीडियो जारी कर रहे हैं। कार्रवाई कराइए, बयान और वीडियो से नहीं होगा।

महाराष्ट्र के मंत्री योगेश कदम ने कांग्रेस के बयान पर पलटवार करते हुए एएनआई से कहा अगर उन्हें राम मंदिर में इतनी ही आस्था है, तो जब राम मंदिर का उद्घाटन हो रहा था, तो उस कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे वहां क्यों नहीं गए? यह हमारा उनसे सवाल है।

इससे पहले अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी केस को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने दुख जताते हुए कहा मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए ही इस तरह की घटना से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा है कि मामले की पूरी जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी निकले, उसको सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। साथ ही मंदिर की व्यवस्था को और ज्यादा मजबूत बनाने पर भी उन्होंने जोर दिया है, जिससे ऐसी घटना दोबारा ना हो। उन्होंने एसआईटी जांच का भी जिक्र किया। जांच पूरी ईमानदारी से हो और जो भी व्यक्ति दोषी मिले, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका मानना है कि इससे लोगों का भरोसा बना रहेगा।

दत्तात्रेय ने आगे कहा कि इस घटना के बाद लोगों के मन में कई सवाल उठे हैं। इसलिए मंदिर की व्यवस्था, पैसों के हिसाब-किताब और पूरे प्रबंधन को साफ और पारदर्शी बनाया जाए। जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत हो। साथ ही उन्होंने कहा कुछ लोग इस केस का गलत फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए अफवाहों से बचना चाहिए। उधर, एसआईटी अब ट्रस्ट के पिछले पांच साल के खातों की दोबारा जांच करेगी। इसमें दान की रकम के साथ सोना, चांदी और दूसरे कीमती सामान का रिकॉर्ड भी देखा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा है कि अभी जो भी भ्रम और असमंजस की स्थिति बनी हुई है वो नहीं होनी चाहिए। इसको लेकर हमारी अपेक्षा है कि सभी जरूरी पहल मंदिर प्रबंधन और सरकार की तरफ से गठित एसआईटी करेंगे।

Created On :   4 July 2026 9:47 AM IST

Tags

Next Story