- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- फर्जी लाभार्थियों पर सरकारी योजनाओं...
Mumbai News: फर्जी लाभार्थियों पर सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए पांच साल तक लगेगी पाबंदी

Mumbai News प्रदेश सरकार ने संशोधित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने के लिए मंजूरी प्रदान की है। फसल बीमा योजना के लाभ के लिए अब एग्रीस्टैक फार्मर आईडी (किसान पहचान क्रमांक) अनिवार्य होगी। खरीफ फसल सीजन 2026 और रबी फसल सीजन 2026-27 के लिए यह फसल बीमा योजना लागू होगी। राज्य के कृषि विभाग ने इस बारे में शासनादेश जारी किया है। फसल बीमा नुकसान भरपाई के लिए किसानों को डिजिटल फसल सर्वेक्षण अंतर्गत फसलों का पंजीयन करना अनिवार्य होगा।
कोई किसान फर्जी अथवा फंसाने के उद्देश्य से फसल बीमा योजना का लाभ लिया होगा तो उसको फसल बीमा योजना, नमो किसान महासम्मान योजना जैसी डीबीटी द्वारा धनराशि दी जाने वाली कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ पर पांच साल के लिए पाबंदी लगा दी जाएगी। फर्जी फसल बीमा प्रकरण में फौजदारी कार्रवाई की जाएगी। फसल बीमा योजना केवल सरकार की ओर से अधिसूचित फसलों और क्षेत्रों में लागू होगी। खरीफ फसल सीजन में धान, मूंग, उड़द, तुअर, मक्का, कपास, प्याज, सोयाबीन समेत अन्य फसलों के लिए किसानों को बीमा का लाभ मिल सकेगा।
किसानों को देना होगा किश्त : फसल बीमा योजना के तहत किसानों को खरीफ फसलों के लिए बीमित राशि की 2 प्रतिशत राशि, रबी फसलों के लिए 1.5 प्रतिशत राशि और खरीफ व रबी सीजन की कपास व प्याज जैसी नकदी फसलों के लिए 5 प्रतिशत राशि किस्त के लिए जमा करना होगा। किसान खरीफ फसलों के लिए 12 बीमा कंपनियों को नियुक्त किया है। किसान खरीफ फसलों के बीमा के लिए 31 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे।
समितियों का भी गठन : सरकार ने फसल बीमा योजना के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 18 सदस्यीय राज्य स्तरीय समन्वय समिति का गठन किया है। जबकि जिला स्तर पर समीक्षा और शिकायत निवारण के लिए 9 सदस्यीय समिति जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में बनाई गई है। वहीं प्रत्येक जिले में निवासी उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में निगरानी समिति भी गठित की गई है। वहीं तहसील पर शिकायतों के निपटान के लिए तहसील की अध्यक्षता में एक समिति स्थापित की गई है। वहीं विभागीय आयुक्त स्तर पर समीक्षा और शिकायत निवारण समिति भी कार्यरत होगी।
प्राकृतिक आपदा और मौसम में बदलाव के कारण किसानों के सामने खेती का जोखिम बढ़ गई है। ऐसी स्थिति में किसानों के उत्पादन को आर्थिक संरक्षण के लिए फसल बीमा योजना लाभदायक साबित होगी। इसलिए पात्र किसान फसल बीमा योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन करके लाभ लें। दत्तात्रय भरणे, कृषि मंत्री, महाराष्ट्र
Created On :   4 July 2026 7:46 PM IST










