परेशानी: इलाज में देरी, सीटी स्कैन मशीन और डायलिसिस उपकरण बंद, मरीजों को हो रही दिक्कत

इलाज में देरी, सीटी स्कैन मशीन और डायलिसिस उपकरण बंद, मरीजों को हो रही दिक्कत
  • बीएमसी ने माना स्टाफ की कमी लेकिन स्वास्थ्य सेवा ठप होने से इनकार
  • जोगेश्वरी ट्रॉमा अस्पताल में डॉक्टरों की कमी से मरीज हलकान

Mumbai News. मुंबई मनपा (बीएमसी) द्वारा संचालित जोगेश्वरी स्थित हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे ट्रॉमा केयर अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, इलाज में देरी और सीटी स्कैन मशीन, डायलिसिस मशीन बंद होने का मामला गरमा गया है। इस कमी को मनपा प्रशासन ने स्वयं कबूल किया है। अस्पताल के मेडिसिन विभाग में डॉक्टरों की कमतरता की बात बीएमसी ने मानी है। उसकी ओर से कहा गया है कि मरीजों की सेवा प्रभावित न हो, इसके लिए अन्य विभागों के डॉक्टरों को रोटेशन के आधार पर मेडिसिन विभाग में तैनात किया गया है। इस कमतरता की वजह से मरीज हलकान हैं।

मनपा प्रशासन के मुताबिक मेडिसिन विभाग में कुल 17 डॉक्टरों के पद स्वीकृत हैं, जिसमें से केवल छह मेडिकल अधिकारी ही कार्यरत हैं। अस्पताल प्रशासन ने माना है कि मरीजों और उनके परिजनों की ओर से इलाज में देरी की मौखिक शिकायतें मिली हैं। हालांकि मनपा ने यह भी दावा किया है कि उपलब्ध डॉक्टर लगातार सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही बीएमसी की अधिकृत एजेंसी के माध्यम से रक्त जांच, एक्स-रे और सोनोग्राफी की सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

ओपीडी में रोजाना आते हैं 1000 मरीज

266 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में प्रतिदिन 500 से 750 मरीज इलाज के लिए ओपीडी में आते हैं। करीब 30 मरीज भर्ती होते हैं और रोजाना चार से पांच ऑपरेशन किए जाते हैं। इसके बावजूद डॉक्टरों की कमी और खराब उपकरणों के कारण स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। अस्पताल की सोनोग्राफी और सीटी स्कैन मशीनें बंद होने के कारण ट्रॉमा मरीजों को जांच के लिए दूसरे अस्पताल भेजना पड़ रहा है। अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्वीकार किया कि अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन 25 अप्रैल से खराब है। उसकी मरम्मत का कार्य जारी है। ऐसे में जरूरतमंद मरीजों को कूपर अस्पताल भेजा जा रहा है।

कॉन्ट्रैक्ट पर डॉक्टरों की नियुक्ति

डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) पर डॉक्टरों की नियुक्ति की जा रही है। वहीं डॉक्टरों की अनुपस्थिति के आरोपों पर मनपा ने दावा किया है कि अस्पताल में बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति दर्ज की जाती है और नियमित रूप से ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का कोई मामला सामने नहीं आया है।

दो दिन से डायलिसिस मशीन बंद

सीटी स्कैन के अलावा बीते दो दिनों से डायलिसिस समेत कई सेवाएं भी बंद पड़ी हुई हैं। यह सेवा टेक्नीशियन के न आने के कारण बंद पड़ी हुई हैं। इस संबंध में विभाग के डॉक्टरों ने वरिष्ठों को लिखित रूप से अवगत भी कराया है।

Created On :   2 July 2026 10:49 PM IST

Tags

Next Story