नोकझोंक: कांग्रेस विधायक साजिद पठान को फिर मिली बिश्नोई गैंग से धमकी, विधानसभा में गूंजा मामला

कांग्रेस विधायक साजिद पठान को फिर मिली बिश्नोई गैंग से धमकी, विधानसभा में गूंजा मामला
  • नाना पटोले और नितेश राणे में तीखी नोकझोंक
  • सरकार ने जांच और सुरक्षा का दिया भरोसा

Mumbai News. विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को कांग्रेस विधायक साजिद पठान को कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से दोबारा मिली जान से मारने की धमकी का मामला जोरदार तरीके से उठा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक नाना पटोले ने इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव के तहत चर्चा की मांग की, लेकिन तालिका अध्यक्ष द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने पर सदन में तीखी बहस और सत्ता पक्ष-विपक्ष के बीच नोकझोंक देखने को मिली। पटोले ने सदन में कहा कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि दूसरी बार है जब अकोला से कांग्रेस विधायक साजिद पठान को बिश्नोई गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्होंने कहा कि जब एक मौजूदा विधायक सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

नितेश राणे ने दिया जवाब

पटोले के आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री नितेश राणे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को ही विधानसभा में बिश्नोई गैंग के संबंध में सरकार का पक्ष स्पष्ट किया था। उन्होंने कहा कि पुलिस संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। यदि किसी को धमकी मिली है तो इसकी विधिवत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए, ताकि जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जा सके। इस पर नाना पटोले ने कहा कि साजिद पठान विधानसभा के निर्वाचित सदस्य हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना विधानसभा और राज्य सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।

सरकार ने जांच और सुरक्षा का दिया भरोसा

बहस के दौरान मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि जिस फोन नंबर से साजिद पठान को धमकी मिली है, उसकी विस्तृत पुलिस जांच कराई जाएगी। सरकार अकोला के पुलिस अधिकारियों से भी रिपोर्ट तलब करेगी और विधायक की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

साजिद पठान बोले- पहली धमकी पर मुख्यमंत्री ने किया था फोन

कांग्रेस विधायक साजिद पठान ने स्वयं सदन में अपनी बात रखते हुए कहा कि जब उन्हें पहली बार बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिली थी, तब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रात में स्वयं फोन कर उन्हें भरोसा दिलाया था कि सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। पठान ने कहा कि मंगलवार को मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में बिश्नोई गैंग का मुद्दा उठाए जाने के बाद बुधवार रात उन्हें फिर से धमकी भरे फोन आए। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों से उनका परिवार भी भय के माहौल में जी रहा है। भावुक अंदाज में उन्होंने कहा, जिस तरह बाबा सिद्दीकी की हत्या बिश्नोई गैंग ने की थी, अगर भविष्य में मेरी भी हत्या हो जाती है तो उससे पहले राज्य सरकार मेरे विधानसभा क्षेत्र अकोला में विकास कार्यों और मंदिर निर्माण के लिए फंड जारी कर दे।

नार्वेकर ने दिया सुरक्षा का आश्वासन

मामले पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि राज्य सरकार सभी जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि साजिद पठान की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कराई जाएगी और पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

Created On :   2 July 2026 10:01 PM IST

Tags

Next Story