उल्लेखनीय योगदान: महाराष्ट्र में शुरू होगा स्वरसम्राज्ञी आशा भोसले संगीत जीवन गौरव पुरस्कार, विजेता कलाकार को मिलेंगे 10 लाख

महाराष्ट्र में शुरू होगा स्वरसम्राज्ञी आशा भोसले संगीत जीवन गौरव पुरस्कार, विजेता कलाकार को मिलेंगे 10 लाख
  • स्वरसम्राज्ञी आशा भोसले संगीत जीवन गौरव पुरस्कार
  • विजेता कलाकार को मिलेंगे 10 लाख रुपए

Mumbai News. राज्य सरकार ने गायन और संगीत के क्षेत्र में आजीवन उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ कलाकारों को सम्मानित करने के लिए 'स्वरसम्राज्ञी आशा भोसले संगीत जीवन गौरव पुरस्कार' शुरू करने की घोषणा की है। सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने गुरुवार को विधानसभा में यह घोषणा की। मंत्री शेलार ने कहा कि महाराष्ट्र की संगीत, नाट्य, साहित्य, सिनेमा और लोककला की समृद्ध परंपरा रही है। राज्य के कलाकारों ने भारतीय संगीत को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाई है। इसी विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से यह नया पुरस्कार शुरू किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आशा भोसले ने आठ दशकों से अधिक समय तक विभिन्न भारतीय भाषाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा है। मराठी बालगीत, भावगीत, फिल्मी गीत, गजल, लावणी और लोकसंगीत को उन्होंने नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी कार्यनिष्ठा और उत्कृष्टता आज भी नई पीढ़ी के कलाकारों के लिए प्रेरणा है। सरकार के अनुसार इस पुरस्कार के तहत गायन-संगीत के क्षेत्र में लंबे समय तक उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकार को 10 लाख रुपए की नकद राशि, शॉल और सम्मान चिह्न प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए पात्रता तय करने और चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए संगीत क्षेत्र के विशेषज्ञों की एक समिति गठित की जाएगी। यह सम्मान हर वर्ष 8 सितंबर को आशा भोसले के जन्मदिन के अवसर पर या उसके आसपास आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।

Created On :   2 July 2026 10:53 PM IST

Tags

Next Story