- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- 4 साल तक मालिक की गुप्त तस्वीरें और...
Mumbai News: 4 साल तक मालिक की गुप्त तस्वीरें और वीडियो बनाता रहा ड्राइवर, 20 लाख की रंगदारी मांगकर हुआ फरार

Mumbai News आधुनिक दौर में जिसे आप अपना सबसे वफादार समझ रहे हैं, कहीं वही आपकी पीठ में छुरा तो नहीं घोंप रहा? मुंबई के गोरेगांव में एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक ड्राइवर ने वफादारी के रिश्ते को तार-तार कर दिया। पिछले चार सालों से जो ड्राइवर अपने मालिक की गाड़ी चला रहा था, वह असल में उनके हर कदम की जासूसी कर रहा था। आरोपी ड्राइवर ने अपने ही बिजनेसमैन मालिक की निजी और व्यावसायिक मुलाकातों के गुप्त वीडियो और तस्वीरें बनाकर उन्हें 20 लाख के लिए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं मिली, तो वह ये सारे आपत्तिजनक सबूत बिजनेसमैन की पत्नी को भेजकर उनका वैवाहिक जीवन और समाज में प्रतिष्ठा मटियामेट कर देगा।
यह भी पढ़े -नीता अंबानी को अमेरिका में स्वास्थ्य और समाज के काम के लिए मिले दो बड़े सम्मान, लोगों ने की काम की सराहना
बिजनेस मीटिंग्स की आड़ में रची डिजिटल साज़िश
आरे पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी ड्राइवर की पहचान शैलेंद्र सिंह(35) के रूप में हुई है। शैलेंद्र पिछले चार वर्षों से शिकायतकर्ता बिजनेसमैन के यहाँ नौकरी कर रहा था। वह रोजाना बिजनेसमैन को मुंबई के अलग-अलग इलाकों में होने वाली बिजनेस डील्स और क्लाइंट मीटिंग्स में ले जाता था। काम के सिलसिले में बिजनेसमैन को कई पुरुष सहयोगियों, कॉर्पोरेट क्लाइंट्स और महिलाओं से मिलना पड़ता था। पुलिस के मुताबिक, शैलेंद्र ने गाड़ी चलाने के अपने मुख्य काम को छोड़कर चुपके से अपने मोबाइल से इन मुलाकातों और बातचीत की तस्वीरें खींचना और वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। चार साल के भीतर उसने मालिक की हर गतिविधि का एक बड़ा डिजिटल डेटाबेस तैयार कर लिया था।
डर के साए में सौदा, 20 लाख से 10 लाख पर आई बात
इस काली करतूत का भंडाफोड़ तब हुआ, जब 1 जुलाई को शैलेंद्र ने अचानक बिजनेसमैन को फोन किया। उसने दावा किया कि उसके पास ऐसे सीक्रेट वीडियो हैं जो बिजनेसमैन की पारिवारिक और सामाजिक जिंदगी को पूरी तरह तबाह कर सकते हैं। उसने सीधे 20 लाख की रंगदारी मांगी। बदनामी और परिवार टूटने के डर से सहमे बिजनेसमैन ने आरोपी से मिन्नतें कीं और बातचीत के बाद मामला 10 लाख पर सेट हुआ। आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 25,000 एडवांस ले भी लिए, लेकिन बाकी की रकम के लिए वह लगातार बिजनेसमैन को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। रोज़-रोज़ की धमकियों और मानसिक तनाव से तंग आकर बिजनेसमैन ने आरे पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) (डरा-धमकाकर जबरन वसूली) और 308(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी शैलेंद्र सिंह फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और वह फरार चल रहा है। उसे दबोचने के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उस डिजिटल डेटा को रिकवर करना है, ताकि उसे इंटरनेट या सोशल मीडिया पर वायरल होने से रोका जा सके।
Created On :   4 July 2026 7:29 PM IST










