Ram Mandir Donation Theft Controversy: राम मंदिर चंदा चढ़ावा चोरी पर बोले मौलाना साजिद रशीदी, रथयात्रा के 1400 करोड़ रूपए का दो हिसाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राम मंदिर में चंदा चोरी को लेकर सियासी पारा हाई है। इस मुद्दे पर विपक्षी पार्टियां और कई दूसरे धर्म के लोगों द्वारा जमकर बयानबाजियां की जा रही हैं। इसी बीच ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (AIAA) के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने रविवार (5 जुलाई) को हिंदू परिषद पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा राम मंदिर आंदोलन के समय से ही विश्व हिंदू परिषद हमेशा शक के घेरे में रही है।
मौलाना साजिद रशीदी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए फंड का जिक्र कर संगठन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'विश्व हिंदू परिषद एक ऐसा नाम है जो राम मंदिर आंदोलन होने के बाद से लेकर अब तक हमेशा संदेह के घेरे में रहा है। उस समय रथयात्रा के दौरान 1400 करोड़ रुपये इकट्ठा हुए थे, उन्होंने अब तक उसका हिसाब नहीं दिया है।'
रशीदी ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को जानबूझकर दूर रखा जा रहा है। उन्होंने कहा, 'अब, जब चंपत राय को राम मंदिर चोरी में स्पष्ट रूप से नाम आ रहा है तो विश्व हिंदू परिषद को क्लीन चिट देने के लिए इस तरह की गतिविधियां होने जा रही हैं कि यह ठीक है, और चंपत राय के लिए भी यह कहा जाएगा कि नहीं, वह बिल्कुल शुद्ध हैं, साफ-सुथरे हैं, उन्होंने कुछ नहीं किया है।'
उन्होंने कहा, 'चंपत राय जानबूझकर खुद को फिलहाल विश्व हिंदू परिषद से दूर रखना चाहते हैं क्योंकि विश्व हिंदू परिषद का नाम लेते ही देश में कई तरह की बातें लोगों की नजरों में आ जाती हैं और कहीं न कहीं 1400 करोड़ का मामला और यह नया मुद्दा सब मिलकर एक विवाद का रूप ले सकते हैं। चंपत राय चतुर आदमी हैं, इसीलिए उन्होंने जानबूझकर खुद को थोड़ा अलग रखा है।'
Created On :   5 July 2026 11:08 PM IST






