- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- तेज हवा के साथ बारिश, 36 घंटे में...
मानसून: तेज हवा के साथ बारिश, 36 घंटे में 300 जगह पेड़ गिरे, महामुंबई में दो बच्चों समेत 7 की गई जान, पर्यटन स्थलों पर जाने की मनाही

Mumbai News. मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगड में तेज हवा के साथ रविवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। मुंबई महानगर क्षेत्र (महुमुंबई) में अलग-अलग हादसों में 7 लोगों की जान गई। मुंबई में पेड़ से जुड़े हादसों में दो लोगों ने दम तोड़ दिया। भिवंडी में दो नाबालिग कामवारी नदी में डूब गए। इनमें से एक का शव मिला है जबकि दूसरे की तलाश जारी है। वसई-विरार में दो और नवी मुंबई में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मुंबई के सांताक्रुज में 24 घंटे में 227 और कोलाबा में 265 मिली मीटर (मिमी) बरसात हुई। 36 घंटे में 300 से ज्यादा जगह पेड़ गिरे। खराब मौसम के चलते मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं एक घंटे तक रोकी गई थीं। पश्चिम, मध्य और हॉर्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं देरी से चलीं।
बीएमसी आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे में शहर और उपनगरों से 180 स्थानों पर पेड़ गिरने की शिकायतें मिलीं। मनपा के उद्यान विभाग का दावा है कि मानसून से पहले 648 खतरनाक पेड़ हटाए गए थे और एक लाख से अधिक पेड़ों की छंटाई की गई थी। वहीं, शाम को मुलुंड में फुटपाथ धंस गया।
दुकान जा रहे थे कुंदावाला, अचानक गिरा पेड़
कुर्ला (पश्चिम) के कमानी में नौपाड़ा स्थित हिंदी बीएमसी स्कूल के पास रविवार को एक बड़ा पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में आने से 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौके पर ही मौत हो गई। वह दोपहिया वाहन से उतरकर दुकान की ओर जा रहे थे, तभी पेड़ गिर गया। मौके पर पहुंचीं मुंबई की महापौर रितु तावडे ने कुंदावाला के आश्रितों को 5 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। हालांकि, मनपा में कांग्रेस के गुट नेता अशरफ आजमी ने 10 लाख रुपए की सहायता देने की मांग की है।
इस साल पेड़ से जुड़े हादसों में 3 की मौत
इस साल पेड़ और शाखाएं गिरने से जुड़े हादसों में तीन लोगों की मौत हुई है। कुंदावाला के अलावा दो लोगों की और जान गई है। आरे कॉलोनी में शनिवार को पेड़ की एक शाखा साकीनाका निवासी हसन रजा जहांगीर आलम सैयद (18) के सिर पर गिर गई थी। हसन को उनके दोस्तों ने मालाड के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 30 जून को चेंबूर में स्कूल की मिनी बस पर पेड़ गिरने से छात्र विहान श्रीवास्तव (11) की मौत हो गई थी।
मई में की थी शिकायत, प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की
मुंबई भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक अमित साटम ने एल वार्ड (कुर्ला) के सहायक मनपा आयुक्त के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। उनका आरोप है कि मुंबई मनपा (बीएमसी) स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे ने मई, 2026 में नौपाड़ा समेत 17 स्थान पर खतरनाक पेड़ों की छंटाई के लिए पत्र दिया था। लेकिन प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं की गई।
वसई-विरार: 15 जुलाई तक पर्यटन स्थलों पर जाने की मनाही
अप्रिय घटनाएं रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने 15 जुलाई तक वसई-विरार के प्रमुख झरनों, नदियों, बांधों, तालाबों और समुद्र तटों पर पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दिया है। आदेश का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी। यह आदेश वसई, नायगांव, वालीव, अर्नाला, विरार, पेल्हार, मंडवी, बोलींज और नालासोपारा पुलिस स्टेशन क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों पर लागू होगा। प्रतिबंधित स्थानों में सुरुचि, भुईगांव, देवकुंडी, चिंचोटी झरना, राजावली खदान, तुंगारेश्वर झरना, फूलपाडा डैम, कुंभारपाडा तालाब, तानसा नदी, पेल्हार बांध तथा अर्नाला, कलंब, नवापुर और राजोडी समुद्र तट शामिल हैं।
रायगड: झरने में फंसे 12 पर्यटक बचाए गए
रायगड जिले में भारी बारिश के बाद खोपोली स्थित ओडिशी झरने का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ गया। स्थानीय पुलिस ने वहां फंसे 10 से 12 पर्यटकों को बाहर निकाल कर सुरक्षित जगह पहुंचाया।
Created On :   5 July 2026 9:26 PM IST
Tags
- Mumbai News
- Thane News
- Navi Mumbai News
- Mira-Bhayandar News
- Kalyan-Dombivli News
- Vasai-Virar News
- Ulhasnagar News
- Bhiwandi News
- Panvel News
- Ambernath News
- Badlapur News
- Karjat News
- Alibaug News
- Palghar News
- Dahanu News
- South Mumbai News
- Dadar News
- Bandra News
- Andheri News
- Borivali News
- Malad News
- Goregaon News
- Kandivali News
- Kurla News
- Ghatkopar News
- Mulund News
- Chembur News
- Powai News
- Colaba News
- Byculla News
- Parel News
- Worli News
- Lower Parel News
- Santacruz News
- Vile Parle News
- Jogeshwari News
- Bhandup News
- Vikhroli











